HomeBreaking Newsतमिलनाडु के मदुरै में तनिष्क शोरूम पर चोरों का बड़ा धावा! दीवार...

तमिलनाडु के मदुरै में तनिष्क शोरूम पर चोरों का बड़ा धावा! दीवार तोड़कर उड़ाया 35 किलो सोना, 15 दिन पहले हुआ था उद्घाटन

तमिलनाडु(Tamil Nadu) के मदुरै में चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस और स्थानीय कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। यहां एक तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से 35 किलो से अधिक सोने के गहने चोरी हो गए। हैरानी की बात यह है कि इस शोरूम को खुले हुए अभी महज 15 दिन ही हुए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोरों ने शोरूम की पिछली दीवार में छेद करके इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह घटना मदुरै के पलंगानाथम के नजदीक बाइपास रोड स्थित नेहरू नगर इलाके की है।

यहां हाल ही में टाटा समूह के तनिष्क ब्रांड का नया शोरूम शुरू हुआ था। त्योहारों और दिवाली के सीजन को देखते हुए दुकान में बड़ी संख्या में सोने के नए आभूषण रखे गए थे। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब 3 बजे बदमाशों ने शोरूम के पीछे की दीवार में छेद किया और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने CCTV कैमरों को ढकने या उनकी दिशा बदलने की कोशिश की, ताकि उनकी पहचान सामने न आ सके। चोर वहां रखे 35 किलो से ज्यादा सोने के गहने लेकर फरार हो गए।

पुलिस कमिश्नर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

वारदात की जानकारी मिलते ही मदुरै के पुलिस कमिश्नर राजेंद्रन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शोरूम का निरीक्षण किया और जांच के लिए फिंगरप्रिंट व फॉरेंसिक टीम को बुलाया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा खोजी कुत्तों की मदद से भी जांच की गई।

शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि इस चोरी में तीन से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, आरोपियों की संख्या और उनकी पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

CCTV फुटेज के जरिए चोरों की तलाश

पुलिस अब शोरूम के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी किस रास्ते से पहुंचे और चोरी के बाद किस दिशा में भागे। उनके इस्तेमाल किए गए वाहनों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

महज 15 दिन पुराने शोरूम में हुई इतनी बड़ी चोरी से स्थानीय व्यापारियों में डर और चिंता का माहौल है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश और चोरी हुए गहनों की बरामदगी में जुटी हैं।

यह भी पढ़ें : सबसे पहले माता सीता ने की थी छठ पूजा, गंगा के बीच आज भी मौजूद हैं देवी के चरण चिह्न…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments