सोनीपत में एक महिला ने अपने पति पर पहचान छिपाकर शादी करने, मारपीट, छेड़छाड़ और धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, दोनों की पहचान Instagram के जरिए हुई थी। युवक ने अपना नाम जॉनी बताया और खुद को हिंदू बताया था। महिला का दावा है कि दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की, लेकिन करीब छह महीने बाद पति के बैग से मिले आधार कार्ड के बाद उसकी पहचान को लेकर उसे जानकारी मिली।
आधार कार्ड मिलने के बाद सामने आया दूसरा नाम
महिला ने सेक्टर-27 थाने में दी शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उन्होंने शादी करने का फैसला लिया। शादी के समय महिला का कहना है कि उसे पति की कथित वास्तविक पहचान या उसके पहले से शादीशुदा होने की जानकारी नहीं थी। महिला के मुताबिक, शादी के करीब छह महीने बाद उसे पति के बैग से एक आधार कार्ड मिला। इसमें नाम जॉनी के बजाय जावेद खान लिखा था। महिला का दावा है कि इसके बाद उसे जानकारी मिली कि जावेद की पहले भी शादी हो चुकी है और पहली पत्नी से उसके तीन बच्चे हैं।
पहली पत्नी के पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद
शिकायत के अनुसार, पहचान और पहली शादी की जानकारी सामने आने के बाद जावेद की पहली पत्नी भी वहां पहुंची। महिला का आरोप है कि दोनों के बीच विवाद हुआ और पहली पत्नी जावेद को अपने साथ लेकर चली गई। महिला के मुताबिक, कुछ दिन बाद जावेद वापस आया। उसने कथित तौर पर बताया कि परिवार की ओर से उस पर महिला के साथ नहीं रहने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके बावजूद दोनों ने साथ रहना जारी रखा। बाद में विवाद बढ़ने पर दोनों सोनीपत से उत्तर प्रदेश के बुढ़ाना चले गए। महिला का कहना है कि वहीं रहने के दौरान उनके एक बच्चे का जन्म हुआ। इसके बाद दोनों वापस सोनीपत लौट आए।
पति के परिवार समेत फरार होने का आरोप
महिला का दावा है कि सोनीपत लौटने के बाद भी पारिवारिक विवाद खत्म नहीं हुआ। उसने आरोप लगाया कि उसका पति करीब एक सप्ताह पहले परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कहीं चला गया है। इसके बाद महिला ने सेक्टर-27 थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की।शिकायत में महिला ने पहचान छिपाने के अलावा मारपीट, छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनके बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने महिला को अपनी पहचान के बारे में क्या बताया था, शादी किन परिस्थितियों में हुई और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की वास्तविकता क्या है। जांच पूरी होने के बाद मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
Read More
भारी कीमत बढ़ोतरी के बाद iPhone 17 पर बंपर छूट, जानिए कितनी कम कीमत में मिलेगा फोन


[…] ‘जिसे समझा था जॉनी, वो निकला जावेद…&… […]