HomeBreaking Newsगुरुग्राम में टेक दंपती की संदिग्ध मौत, पति ने बॉस को भेजा...

गुरुग्राम में टेक दंपती की संदिग्ध मौत, पति ने बॉस को भेजा था ‘दुनिया छोड़ रहे हैं’ ईमेल

गुरुग्राम की एक सोसायटी में बुधवार सुबह आईटी सेक्टर में काम करने वाले दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मोहम्मद असलम (30) और उनकी पत्नी फरहाना अपने फ्लैट में मृत मिले। घटना के दिन फरहाना का जन्मदिन था। मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब पता चला कि असलम ने सुबह करीब 7 बजे अपने एंप्लॉयर को ईमेल भेजकर लिखा था, “हम दुनिया छोड़ रहे हैं।” ईमेल में उसने परिजनों और मकान मालिक के फोन नंबर भी साझा किए थे।

कंपनी के सहकर्मियों से सूचना मिलने के बाद मकान मालिक टावर-7 स्थित फ्लैट पर पहुंचे। वहां असलम फंदे से लटके मिले, जबकि फरहाना फर्श पर मृत पड़ी थीं। उनके गले पर चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है।

कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर फ्लैट का दरवाजा खुला हुआ था। तलाशी के दौरान एक नोट मिला, जिस पर लिखा था, “हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं।” इसके अलावा फरहाना के कपड़ों पर हाथ से ‘आई लव यू’ लिखा पाया गया। जांच के लिए पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक रस्सी, डायरी, कैंची और पेन ड्राइव जब्त की है। इन सभी वस्तुओं को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों और संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।

पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि असलम ने पहले फरहाना की जान ली और फिर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटनाक्रम की पुष्टि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। दंपती केरलम के रहने वाले थे और उनकी शादी 2023 में हुई थी। वे करीब तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम आए थे। असलम एनआईटी कालीकट और आईआईएम इंदौर के पूर्व छात्र थे। फरहाना भी एक आईटी कंपनी के लिए घर से काम करती थीं।

डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करा रहा था असलम

परिजनों के अनुसार, दंपती के बीच गहरा लगाव था और उन्हें किसी वैवाहिक विवाद की जानकारी नहीं थी। हालांकि, बताया गया है कि असलम पिछले करीब डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। रिश्तेदारों ने आईटी सेक्टर में काम के अत्यधिक दबाव को संभावित वजह होने की आशंका जताई है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

बादशाहपुर थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ईमेल, डिजिटल उपकरणों और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की पड़ताल के जरिए यह समझने की कोशिश कर रही है कि दंपती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल किसी एक वजह को घटना का कारण मानना जल्दबाजी होगी।

Read More

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुबह-सुबह मुठभेड़, LoC के पास दो आतंकवादी ढेर, केरन सेक्टर में सर्च ऑपरेशन जारी

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments