तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने चेन्नई में अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, के. अन्नामलाई और तमिलिसाई सुंदरराजन मौजूद रहे। पार्टी ने महिलाओं को साधने के लिए बड़ा दांव खेलते हुए हर घर की महिला मुखिया को ₹2000 प्रति माह देने और प्रत्येक परिवार को एकमुश्त ₹10,000 की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है।
महिला सुरक्षा और कल्याण योजनाएं
घोषणापत्र में महिलाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा की गई है। इसमें पोंगल, तमिल नववर्ष और दीपावली पर हर साल तीन मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा शामिल है। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए जीरो FIR, फास्ट ट्रैक कोर्ट और सार्वजनिक स्थानों पर CCTV लगाने की बात कही गई है। स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यवसायों को ₹50 लाख तक बिना ब्याज के लोन देने का भी ऐलान किया गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार करना
भाजपा ने राज्य में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर भी जोर दिया है। इसमें चेन्नई-बेंगलुरु और चेन्नई-हैदराबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, कोयंबटूर-तिरुप्पुर-सलेम RRTS और नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत शामिल है। साथ ही पार्टी ने थाईपूसम को राज्य उत्सव घोषित करने और धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने का वादा किया है।
एनडीए गठबंधन की रणनीति
भाजपा इस चुनाव में एआईएडीएमके के साथ एनडीए गठबंधन के तहत 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दोनों दलों ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं और गरीब वर्ग को ध्यान में रखते हुए कई लोकलुभावन वादे किए हैं। तमिलनाडु में चुनावी मुकाबला अब और दिलचस्प होता जा रहा है, जहां विभिन्न दल जनता को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं।
Read More

