Sudden Lockdown White House: अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस के ठीक सामने स्थित लाफायेट स्क्वायर में एक कार ने साइनपोस्ट को टक्कर मार दी। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और एहतियात के तौर पर व्हाइट हाउस को अस्थायी रूप से लॉकडाउन कर दिया गया। खास बात यह रही कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे। सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प के बाद कार चालक को हिरासत में ले लिया गया।
लाफायेट स्क्वायर में कैसे हुई घटना?
यह घटना व्हाइट हाउस के सामने मौजूद सार्वजनिक पार्क लाफायेट स्क्वायर के उत्तरी छोर पर हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सिल्वर रंग की एक सेडान कार वहां बने पक्के रास्ते पर चढ़ गई और एक साइनपोस्ट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसके बाद कार से धुआं निकलता दिखाई दिया। हालांकि, वाहन के साइनपोस्ट से टकराने की असली वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी।
कार से उतरते ही सुरक्षाकर्मियों से भिड़ा चालक
घटना का एक वीडियो द वॉशिंगटन सन के पत्रकार मार्टिन ऑस्टर्मुहले ने सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार टकराने के बाद चालक वाहन से बाहर निकलता है और इसके बाद सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई करने लगता है। बताया गया कि चालक की सीक्रेट सर्विस अधिकारियों और नेशनल गार्ड के जवानों के साथ झड़प हुई। इस दौरान कार से धुआं भी निकलता दिखाई दे रहा था। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद सुरक्षाकर्मियों ने चालक को हिरासत में ले लिया।
पत्रकार ने शेयर किया घटना का वीडियो
पत्रकार मार्टिन ऑस्टर्मुहले ने घटना का फुटेज साझा करते हुए बताया कि कार के साइनपोस्ट से टकराने से ठीक पहले क्या हुआ था, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने वीडियो के माध्यम से चालक और सुरक्षा कर्मियों के बीच हुई झड़प को भी सामने रखा। फुटेज में चालक को वाहन से उतरने के बाद सीक्रेट सर्विस कर्मियों और नेशनल गार्ड के सदस्यों के साथ उलझते हुए देखा जा सकता है।
ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एजेंसियां सतर्क
घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के भीतर मौजूद थे। कार की टक्कर और चालक के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कदम उठाया और परिसर में अस्थायी लॉकडाउन लागू कर दिया। लाफायेट स्क्वायर व्हाइट हाउस के ठीक सामने स्थित है, इसलिए इस घटना को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया गया।
दुर्घटना की वजह और चालक की पहचान का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार साइनपोस्ट से कैसे टकराई और चालक ने सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई क्यों की। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान और उसके इस कदम के पीछे की वजह को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा, घटना में किसी के घायल होने की भी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।
Read More:

