उत्तर प्रदेश में हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में 100 से ज्यादा लोगों की जान चली गई जबकि बड़ी संख्या में मकान और संपत्तियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) ने खुद मोर्चा संभाल लिया है और अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
CM योगी ने दिए सख्त निर्देश
CM योगी ने साफ तौर पर कहा है कि प्रभावित परिवारों की मदद में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों से सीधे मुलाकात करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। कई जिलों में अधिकारी खुद राहत सामग्री और आर्थिक सहायता लेकर पीड़ितों तक पहुंच रहे हैं।
परिवारों को वितरित की गई आर्थिक सहायता
सरकार की ओर से पिछले 24 घंटों के भीतर प्रभावित परिवारों को 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता वितरित की गई है। वहीं, जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उन्हें चार-चार लाख रुपये की राहत राशि दी जा रही है।
इसके अलावा तूफान और तेज हवाओं की वजह से क्षतिग्रस्त हुए 352 मकानों के परिवारों को भी सरकार की तरफ से मुआवजा उपलब्ध कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि राहत और पुनर्वास का काम लगातार जारी रहेगा ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सामान्य जिंदगी में लौटने में मदद मिल सके।