ब्रिटेन की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। हालांकि, नए नेता के चुने जाने तक वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। देश को संबोधित करते हुए स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने इस फैसले की जानकारी ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय को भी दे दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर उठे सवालों और सांसदों की राय को उन्होंने सम्मानपूर्वक स्वीकार किया है।
आखिरी संबोधन में दिखे भावुक
अपने संबोधन के दौरान स्टार्मर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि लेबर पार्टी के सामने यह सवाल खड़ा हो गया था कि क्या वह अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने संसदीय दल के विचारों को सुना और उसी के आधार पर नेतृत्व छोड़ने का निर्णय लिया।
स्टार्मर ने स्पष्ट किया कि जब तक पार्टी नए नेता का चुनाव नहीं कर लेती तब तक वह प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे ताकि सरकार का कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे।
एंडी बर्नहम बन सकते हैं अगले प्रधानमंत्री
स्टार्मर के इस्तीफे के बाद अब लेबर पार्टी के नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस दौड़ में एंडी बर्नहम का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है।
हाल के उपचुनाव में मिली सफलता के बाद बर्नहम की राजनीतिक स्थिति मजबूत हुई है। उनके समर्थकों का मानना है कि वह पार्टी को नई दिशा दे सकते हैं और अगले चुनाव में लेबर पार्टी का नेतृत्व कर सकते हैं।
ब्रिटेन में बढ़ी राजनीतिक हलचल
कीर स्टार्मर का जाना ब्रिटेन की राजनीति में लगातार जारी अस्थिरता को और बढ़ाता है। पिछले एक दशक में वह छठे ऐसे प्रधानमंत्री बन गए हैं, जिन्हें अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ने की स्थिति का सामना करना पड़ा है। अब सभी की नजरें लेबर पार्टी के नए नेता के चुनाव पर टिकी हैं जिसके बाद ब्रिटेन को नया प्रधानमंत्री मिल सकता है।