HomeBreaking Newsकहीं घने जंगल तो कहीं ऊंचे पहाड़ और झरनों का नजारा...707 KM...

कहीं घने जंगल तो कहीं ऊंचे पहाड़ और झरनों का नजारा…707 KM में बना भारत का ये एक्सप्रेसवे आधा कर देगा सफर का समय!

देश में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ और झारखंड को जोड़ने वाला रायपुर-धनबाद एक्सप्रेसवे(Indian Expressway) खास महत्व रखता है। करीब 707 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद दोनों राज्यों के बीच यात्रा आसान होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस रास्ते पर यात्रियों को हरे-भरे जंगल, पहाड़ और झरनों के खूबसूरत नजारे भी देखने को मिलेंगे। इसके बनने से रायपुर से धनबाद पहुंचने में लगने वाला समय करीब 16 घंटे से घटकर 8 घंटे रह सकता है।

फिलहाल रायपुर से धनबाद के बीच सड़क की दूरी लगभग 772 किलोमीटर है। नई सड़क बनने से यह घटकर करीब 707 किलोमीटर हो जाएगी। इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की अधिकतम रफ्तार का प्रावधान प्रस्तावित है। इसके रास्ते में रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, रांची, बोकारो और धनबाद जैसे प्रमुख शहर आएंगे। इससे आम यात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों और औद्योगिक क्षेत्रों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर कोयला, खनन और अन्य उद्योगों से जुड़े सामान की आवाजाही आसान हो सकेगी।

चार लेन का होगा एक्सप्रेसवे

परियोजना के ज्यादातर हिस्से को ग्रीनफील्ड तरीके से विकसित किया जा रहा है, यानी वहां नई सड़क बनाई जाएगी। वहीं, रायपुर-बिलासपुर के करीब 125 किलोमीटर हिस्से को ब्राउनफील्ड परियोजना के तहत छह लेन का बनाया जा रहा है। बाकी हिस्से फिलहाल चार लेन के होंगे। जरूरत पड़ने पर भविष्य में इन्हें छह या आठ लेन तक बढ़ाया जा सकेगा।

18 हजार करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इस परियोजना को सात पैकेज में पूरा कर रहा है। इसकी अनुमानित लागत करीब 18 हजार करोड़ रुपये है। योजना के तहत सात बड़े पुल, 30 छोटे पुल, छह फ्लाईओवर और एक एलिवेटेड रोड बनाया जाना है। इसके अलावा अंडरपास भी तैयार किए जाएंगे ताकि यातायात सुचारू रहे।

जनवरी 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य

परियोजना के अलग-अलग हिस्सों में निर्माण और भूमि अधिग्रहण का काम चल रहा है। बिलासपुर-उर्गा सेक्शन का करीब 94 फीसदी निर्माण पूरा होने की जानकारी दी गई है। वहीं, अन्य हिस्सों पर भी काम जारी है। पूरे एक्सप्रेसवे को जनवरी 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तैयार होने से छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच सफर के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : सांसद अमृतपाल सिंह कल डिब्रूगढ़ जेल से आएगा बाहर, आखिर क्यों कोर्ट से मिली एक…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments