लाल सागर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नाव पर एयरस्ट्राइक किए जाने का दावा किया गया है। यमन के हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को बयान जारी कर दावा किया कि लाल सागर में जुकर द्वीप के पास एक नाव को निशाना बनाया गया है, जिस पर कुल 14 भारतीय नागरिक सवार थे। इस घटना के सामने आने के बाद से अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, हालांकि इस दावे को लेकर अभी तक केवल हूती पक्ष की ओर से ही जानकारी दी गई है।
हूतियों का दावा- हमारी टीम कर रही है बचाव
हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि सऊदी अरब ने जुकर द्वीप के पास इस भारतीय नौका पर हमला किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हूती लड़ाके और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और नाव पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, नाव पर सवार सभी 14 भारतीयों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और रेस्क्यू ऑपरेशन के परिणामों को लेकर अभी तक कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
रणनीतिक रूप से बेहद अहम है घटना का इलाका
जिस क्षेत्र में इस कथित हमले को अंजाम दिए जाने की बात कही जा रही है, वह लाल सागर में स्थित जुकर द्वीप और महत्वपूर्ण ‘बाब अल-मंदेब’ जलमार्ग के बेहद करीब है। यह जलमार्ग लाल सागर को अदन की खाड़ी और आगे हिंद महासागर से जोड़ने वाला दुनिया का एक अत्यंत संवेदनशील और प्रमुख व्यापारिक मार्ग है, जहां से रोजाना भारी संख्या में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही होती है। हूतियों ने सऊदी अरब की इस कार्रवाई को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस पर रोक लगाने की अपील की है।
सऊदी अरब की प्रतिक्रिया का अभी इंतजार
हूती प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि इस तरह के लापरवाह कदमों से अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात और नौवहन की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। इस संवेदनशील घटना के बीच, सऊदी अरब की सरकार या सेना की तरफ से इस कथित एयरस्ट्राइक के दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या खंडन सामने नहीं आया है। कूटनीतिक और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं।
READ MORE: तिहास रच गया भारत! क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I का सबसे बड़ा रनचेज कर दर्ज की रोमांचक जीत