HomeBreaking Newsदिल्ली में दर्दनाक हादसा, साकेत मेट्रो स्टेशन के पास भरभराकर गिरी 5...

दिल्ली में दर्दनाक हादसा, साकेत मेट्रो स्टेशन के पास भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, अब तक 9 लोगों को किया रेस्क्यू

Saket Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के महरौली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, साकेत मेट्रो स्टेशन के पास बनी पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद पूरी इमारत मलबे के एक बड़े से ढेर में बदल गई। राहत की बात यह है कि अब तक नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान लगातार जारी है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में कई एजेंसियां जुटीं

हादसे की सूचना मिलते ही NDRF, दिल्ली फायर सर्विस (DFS), दिल्ली पुलिस, DDMA, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। रेस्क्यू किए गए लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

शाम मिली थी हादसे की सूचना

दमकल विभाग के अनुसार, इमारत गिरने की सूचना शनिवार शाम करीब 7:45 बजे प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और राहत दल मौके पर रवाना किए गए। घटनास्थल पर पहुंचकर टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

CM रेखा गुप्ता ने जताई चिंता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘साकेत मेट्रो स्टेशन के पास इमारत गिरने की घटना से मैं बेहद चिंतित हूं। NDRF, दिल्ली फायर सर्विसेज़, दिल्ली पुलिस, DDMA, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, और सभी संबंधित एजेंसियां आपस में तालमेल बिठाकर काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’

लोगों ने बताया भयावह मंजर

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, इमारत गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धूल का घना गुबार फैल गया। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि इमारत कम से कम पांच मंजिला थी और उसके गिरने के बाद कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि उनकी एक रिश्तेदार भी मलबे के नीचे फंसी हुई हैं।

इलाके में पसरा चिंता का माहौल

हादसे के बाद आसपास के लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया है ताकि राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं और अपने परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।

इमारत गिरने की वजह अब तक साफ नहीं

फिलहाल इमारत गिरने के कारणों पता नहीं चल पाया है। शुरुआती स्तर पर इमारत के निर्माण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि राहत अभियान पूरा होने के बाद जांच कराई जाएगी और हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।

लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता

अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान समय में मलबे के नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है और प्रशासन हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है।

Read More:

गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, मां बोलीं- घर पर बुलडोजर भी चले

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments