भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह जल्द ही समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। 4 दिसंबर को होने वाले इस समारोह से पहले रिंकू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया। इस दौरान वह अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। रिंकू सिंह ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए बेहद खास पल बताया और प्रधानमंत्री से मिलने और उन्हें शादी में आमंत्रित करने पर आभार जताया।
परिवार के साथ PM मोदी से मिले रिंकू सिंह
रिंकू सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘अपने परिवार के साथ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मिलकर, उन्हें अपनी शादी में आमंत्रित कर और उनका आशीर्वाद पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह हमारे लिए सचमुच एक बहुत ही खास पल है।’ प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान रिंकू बेहद साधारण अंदाज में नजर आए। उन्होंने नीले रंग की टी-शर्ट और काली पैंट पहनी हुई थी। उनके हाथ में घड़ी भी दिखाई दी। इस मौके पर उनकी मां, बहन और भाई भी साथ मौजूद रहे। रिंकू की मां बीना देवी हरे रंग की साड़ी में नजर आईं।
CM योगी को भी दिया जा चुका है शादी का न्योता
रिंकू और प्रिया सरोज की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। परिवार की ओर से क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। इससे पहले रिंकू के परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शादी का निमंत्रण दिया था। रिंकू की मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण पत्र सौंपा था। परिवार ने उन्हें 4 दिसंबर को होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
लखनऊ के रामाडा होटल में होगी शादी
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी लखनऊ के रामाडा होटल में होगी। दोनों परिवारों ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शादी में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस जोड़े की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। अब करीब डेढ़ साल बाद दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी से पहले प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को निमंत्रण देने के साथ रिंकू का परिवार समारोह की तैयारियों में जुटा है।
Read More

