उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में दिल्ली-हावड़ा(Delhi-Howrah route) रेल मार्ग पर बुधवार तड़के एक बड़ी लापरवाही सामने आई। जमानियां और धीना रेलवे स्टेशन के बीच पटरी टूटने के बावजूद 20501 अगरतला-आनंद विहार तेजस राजधानी एक्सप्रेस वहां से गुजर गई। ट्रेन के चालक को झटका महसूस हुआ तो उसने तुरंत इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेल विभाग में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के मद्देनजर पीछे आ रही कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब चार बजे किलोमीटर संख्या 719 के पास रेल पटरी टूटी हुई थी। इसी दौरान तेजस राजधानी एक्सप्रेस उस स्थान से गुजर गई। चालक ने ट्रेन में झटका महसूस करने के बाद जमानियां स्टेशन को सूचना दी। इसके बाद दानापुर रेल नियंत्रण कक्ष को भी मामले से अवगत कराया गया। रेलवे की रेल पथ विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने टूटी पटरी की मरम्मत के लिए वेल्डिंग क्लैंप लगाया और जरूरी काम पूरा किया। इसके बाद सुबह करीब छह बजे रेल परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।
मरम्मत के बाद भी ट्रेनों की रफ्तार पर रोक
पटरी की मरम्मत होने के बाद भी रेलवे ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों को सावधानी के साथ चलाने का फैसला किया। प्रभावित रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे रखने का कॉशन जारी किया गया। इससे परिचालन बहाल तो हुआ, लेकिन ट्रेनों को सामान्य रफ्तार से चलाने की अनुमति नहीं दी गई।
कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका
पटरी टूटने की सूचना के बाद कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा। राजगीर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जा रही बांबे जनता एक्सप्रेस को जमानियां स्टेशन पर रोका गया। सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस दिलदारनगर, एलटीटी मुंबई फेयर स्पेशल और बक्सर-डीडीयू मेमू भदौरा, जबकि अहमदाबाद एक्सप्रेस दरौली स्टेशन पर खड़ी रही।
इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन मास्टर आदित्य कुमार के अनुसार, राजधानी एक्सप्रेस के चालक से सूचना मिलने के बाद तुरंत जरूरी कदम उठाए गए। पटरी की मरम्मत और सुरक्षा जांच के बाद सावधानी के साथ परिचालन शुरू कराया गया।