Punjab Gurdaspur Grenade Case: पंजाब के गुरदासपुर में हैंड ग्रेनेड बरामदगी मामले में पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस ने इस मामले में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान एक आरोपी के घर से एक और जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।
27 अप्रैल को दुकान के पास मिला था ग्रेनेड
जानकारी के मुताबिक, 27 अप्रैल 2026 को गुरदासपुर के गीता भवन रोड स्थित एक दुकान के पास हैंड ग्रेनेड मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और मामले को काउंटर इंटेलिजेंस के साथ मिलकर ट्रैक किया।
CCTV और तकनीकी इनपुट से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी इनपुट और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली। लगातार निगरानी और जांच के बाद पुलिस ने उन आरोपियों की पहचान कर ली, जिन्होंने दुकान के पास ग्रेनेड फेंका था। इसके बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के घर से मिला दूसरा जिंदा ग्रेनेड
पुलिस ने जब गिरफ्तार आरोपियों में से एक के घर पर छापेमारी की, तो वहां से एक और जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। इस बरामदगी ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
विदेशी हैंडलर से जुड़े तार
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, दोनों हैंड ग्रेनेड आरोपियों को उसी विदेशी नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराए गए थे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल का नेटवर्क पंजाब और देश के अन्य हिस्सों तक फैला हुआ है या नहीं।
UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी गुरदासपुर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि स्थानीय मददगारों और विदेशी हैंडलरों के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
Read More:
नीट पेपर लीक मामले में CBI के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, अदालत ने आरोपी मनीषा मंधारे को 14 दिन की रिमांड पर भेजा