कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद के आह्वान का शुक्रवार, 21 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में असर देखने को मिल रहा है। सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक बुलाए गए बंद के चलते बस सेवाएं प्रभावित हैं। सभी निजी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। हालांकि, ट्रेनों की आवाजाही पर फिलहाल कोई खास असर नहीं पड़ा है। जालंधर, पठानकोट और लुधियाना में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।
खरड़-चंडीगढ़ हाईवे पर प्रदर्शन
खरड़-चंडीगढ़ हाईवे को प्रदर्शनकारियों ने बंद कर दिया है। यहां सिर्फ आपातकालीन वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। हिमाचल प्रदेश से आने वाली बसों को भी खरड़ में रोक दिया गया है। हाईवे बंद होने से यात्रियों और रोजाना काम के लिए आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जालंधर में मिला-जुला असर
जालंधर में बंद का असर अलग-अलग इलाकों में अलग नजर आ रहा है। लाडोवाली रोड और आसपास के क्षेत्रों में दूध और बेकरी उत्पाद बेचने वाली कुछ दुकानें खुली हैं। रेलवे रोड पर भी कई दुकानें खुली मिलीं। वहीं, बस सेवाएं प्रभावित होने से बस स्टैंड पर यात्री परेशान हैं। मोर्चा के सदस्य कई जगह दुकानदारों से दुकानें बंद रखने की अपील करते नजर आए।
लुधियाना में भी दिखा असर
लुधियाना में भी बंद का असर कुछ इलाकों में देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर दुकानें बंद हैं, जबकि कुछ बाजारों में कारोबारी सामान्य तरीके से अपना काम कर रहे हैं। फिलहाल पंजाब बंद के दौरान किसी बड़े अप्रिय घटनाक्रम की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन संवेदनशील इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Read More

