Pune Chemical Factory Gas Leak: महाराष्ट्र के पुणे जिले के गंगाधाम चौक इलाके में देर रात एक केमिकल कंपनी में गैस लीक होने से इलाके में हड़कंप मच गया। टंकी से गैस के रिसाव के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवारों को घरों से बाहर निकलना पड़ा।
24 लोगों को सांस लेने में हुई तकलीफ
इस घटना के चलते करीब 24 लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई। प्रभावित लोगों में कुछ की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन के अनुसार सभी का इलाज जारी है और स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है।
बचाव टीम की भी बिगड़ी तबियत
राहत और बचाव कार्य के दौरान अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी और एक जवान की तबीयत भी खराब हो गई। दोनों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बावजूद दमकल विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हालात को संभाल लिया।
दमकल विभाग ने पाया काबू
करीब 30 दमकलकर्मियों ने बीए सेट (Breathing Apparatus) पहनकर गैस रिसाव पर काबू पाया। उनकी त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल क्षेत्र को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
छोटे बच्चे भी चपेट में आए
गैस लीक की घटना का असर Kondhwa इलाके तक देखा गया, जहां 6 छोटे बच्चों समेत कई लोग प्रभावित हुए। गैस के डर से लोगों ने पूरी रात घरों के बाहर गुजारी। हालांकि अब सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
लापरवाही का लगा आरोप
स्थानीय निवासियों ने केमिकल कंपनी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कंपनी ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए, जिससे उनकी जान खतरे में पड़ गई। घटना के बाद लोगों में गुस्सा भी देखा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रभावित 24 लोगों को Sassoon Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Read More:

