Alwar Road Accident: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसमें चलती कार में अचानक आग लगने से पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना लक्ष्मणगढ़ इलाके की बताई जा रही है, जहां यह हादसा उस समय हुआ जब कार तेज रफ्तार में थी।
चलती कार में लगी आग
शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार कहीं रुकी नहीं थी, बल्कि चलते समय ही उसमें अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें सवार लोग बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके। हालांकि, ड्राइवर ने किसी तरह खुद को बाहर निकाल लिया, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गया।
ड्राइवर की हालत गंभीर
हादसे में घायल ड्राइवर करीब 80 प्रतिशत तक जल चुका है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे पहले पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर के सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
वैष्णों देवी से दर्शन करके लौट रहे थे लोग
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मध्य प्रदेश के Sheopur जिले के रहने वाले थे और वैष्णों देवी से दर्शन कर लौट रहे थे। मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक मासूम बच्ची शामिल है। फिलहाल सभी शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही NHAI की पेट्रोलिंग टीम, एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। लक्ष्मणगढ़ थाने की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। प्रशासन ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आग लगने की वजह जांच रही पुलिस
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि चलती कार में आग लगने की वजह क्या थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य कारण से हादसा हुआ। इस घटना ने हाईवे सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More:

