Prayagraj Murder Case: प्रयागराज के यमुनानगर जोन में सोमवार देर रात एक 40 साल के शख्स की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजू आदिवासी के रूप में हुई है, जो मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था और करीब एक हफ्ते पहले ही अपने गांव लौटा था।
कहां और कैसे हुआ हमला
यह घटना खीरी थाना क्षेत्र की है। सोमवार रात करीब 11:45 बजे जब राजू अपने गांव के राम अवतार और श्याम के साथ सीकी गांव से एक बारात से लौट रहा था, तभी एसबीआई शाखा खूंटा के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया।
पैसों को लेकर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि राजू का अपने पट्टीदार कृष्णकांत आदिवासी से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हो चुका था। सोमवार रात फिर से कहासुनी हुई, जिसके बाद कृष्णकांत ने अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर राजू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले शख्स ने तोडा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल राजू मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी सुखशांति देवा और बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक का माहौल है।
पहले से चल रहा था विवाद
मृतक के पिता पारस आदिवासी ने खीरी थाने में कृष्णकांत समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, कृष्णकांत के बुलाने पर ही राजू एक हफ्ते पहले मुंबई से गांव आया था। आरोप है कि कृष्णकांत ढाई लाख रुपये की मांग कर रहा था, जबकि राजू ने 7 हजार रुपये लौटा दिए थे।
धमकी देने के बाद ली जान
परिजनों के अनुसार, रुपये न देने पर आरोपी ने राजू को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी विवाद ने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया और राजू की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
Read More:

