Delhi Heatwave: देश की राजधानी दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है जिसको देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। बच्चों की सेहत को सबसे आगे रखते हुए यह जरूरी फैसला लिया गया है, जिसके तहत अब सभी स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ बजाना अनिवार्य होगा।
क्या है वॉटर बेल नियम
नई गाइडलाइन के अनुसार, हर 45 से 60 मिनट के अंतराल पर स्कूलों में घंटी बजेगी। यह घंटी क्लास खत्म होने के लिए नहीं, बल्कि बच्चों को पानी पीने की याद दिलाने के लिए होगी। सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि पढ़ाई के दबाव में बच्चे पानी पीना न भूलें, इसलिए इस व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।
बच्चों की सेहत को दी गई प्राथमिकता
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस समय पढ़ाई से पहले बच्चों की सेहत ज्यादा जरूरी है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच बच्चों को डिहाइड्रेशन और लू से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दिल्ली में लगातार बढ़ रही है गर्मी
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण आम लोगों का हाल बेहाल है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग गर्मी की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
तापमान ने बढ़ाई चिंता
राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। ऐसे में सरकार और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही नागरिकों, खासकर बच्चों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं।
Read More:

