बिहार की राजनीति में विधानसभा उपचुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच जनसुराज ने पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से प्रशांत किशोर(Prashant Kishor) को अपना उम्मीदवार घोषित कर चुनावी मुकाबले को नया मोड़ दे दिया है। पार्टी की ओर से यह घोषणा मनोज भारती ने की। इस फैसले के बाद बांकीपुर सीट पर राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, जनसुराज के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है और चुनाव प्रचार की तैयारियां जोरों-शोरों से की जा रही हैं।
बांकीपुर विधानसभा सीट उस समय खाली हुई जब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने विधायक पद से इस्तीफा दिया था। पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी जिसके चलते इस सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत महसूस हुई। अब इस सीट पर सभी प्रमुख दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
30 जुलाई को होगा मतदान
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार समेत मध्य प्रदेश और गुजरात की रिक्त विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम कराने की घोषणा की थी। इस तय कार्यक्रम के मुताबिक, 30 जुलाई को मतदान होगा जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ होगी।
इसके बाद उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 13 जुलाई तय की गई है जबकि 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।