पंजाब पुलिस ने राज्यभर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 58 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान राज्य में नशे के नेटवर्क को तोड़ने और युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से लगातार जारी है।
भारी मात्रा में नशीला सामान बरामद
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 366 ग्राम हेरोइन, 105 किलोग्राम पोस्त के छिलके और 1855 नशीली गोलियां बरामद किए हैं। इसके अलावा नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े ₹29,200 नकद भी जब्त किए गए हैं। बता दें कि बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच कर जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशे की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और किन क्षेत्रों में उनकी आपूर्ति की जा रही थी।
नशा मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयास
पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही। अभियान के दौरान 10 लोगों को परामर्श देकर नशा मुक्ति और पुनर्वास कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों के अनुसार, नशे के खिलाफ लड़ाई में कानून प्रवर्तन के साथ-साथ पुनर्वास और जागरूकता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आगे भी अभियान रहेगा जारी
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।
Read More
सूर्या का पोस्टमार्टन होने के बाद शव पहुंचा घर, परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर की उठाई मांग

