प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर इजरायल दौरे पर रहेंगे। पिछले नौ वर्षों में यह उनकी दूसरी इजरायल यात्रा है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हो रही इस यात्रा को भारत-इजरायल संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम बताया जा रहा है।
मुक्त व्यापार समझौते पर हो सकती है चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले भारत और इजरायल के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। इस विषय पर चार दिवसीय वार्ता चल रही है, जो 26 फरवरी को समाप्त होगी। माना जा रहा है कि उच्चस्तरीय मुलाकातों के दौरान इस मुद्दे पर आगे बढ़ने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
PM मोदी इजरायल की संसद को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान इजरायल की संसद को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वे इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ व्यापक बातचीत करेंगे और राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत की उत्सुकता जाहिर की है। बुधवार रात उनके सम्मान में निजी रात्रिभोज का आयोजन भी किया जाएगा।
रक्षा और सुरक्षा सहयोग रहेगा प्रमुख एजेंडा
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में रक्षा और सुरक्षा सहयोग प्रमुख मुद्दा रहेगा। सूत्रों के मुताबिक, भारत की स्वदेशी वायु रक्षा प्रणाली ‘सुदर्शन चक्र’ के विकास के संदर्भ में इजरायल की बहुस्तरीय रक्षा प्रणाली ‘आयरन डोम’ के कुछ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा संभव है।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।