PM Modi Slovakia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया के दौरे पर हैं। इस यात्रा का एक दिलचस्प और यादगार पल PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया है कि, उन्होंने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको को एक जैकेट उपहार में दी। खास बात यह रही कि संयोगवश दोनों नेताओं की जैकेट का रंग एक जैसा निकला। इस दौरान दोनों नेता मुस्कुराते नजर आए और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भारत के पहले प्रधानमंत्री बने जिन्होंने किया स्लोवाकिया का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया का दौरा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनकी इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई और द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति बनी।
#WATCH | Slovakia: PM Narendra Modi shares a video on social media; says, "Prime Minister Fico wore a jacket I had gifted him. And coincidentally, our jacket colours matched today." pic.twitter.com/Vdhh0OZQlW
— ANI (@ANI) June 15, 2026
संबंधों को ‘व्यापक साझेदारी’ तक बढ़ाने का फैसला
समझौता ज्ञापनों (MoUs) के आदान-प्रदान और संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत और स्लोवाकिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह नई साझेदारी दोनों देशों की साझा सोच, साझा प्राथमिकताओं और साझा भविष्य की आकांक्षाओं का प्रतीक है।
भारत-यूरोपीय संघ समझौते पर जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (India-EU FTA) को अंतिम रूप देने की दिशा में स्लोवाकिया के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को मजबूत बनाने में दोनों देशों की भूमिका अहम रहने वाली है।
भारत की प्रगति की फिको ने की सराहना
स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने भारत की आर्थिक वृद्धि, डिजिटल परिवर्तन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में हो रही प्रगति की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत कई विकसित देशों की तुलना में अधिक तेज गति से आगे बढ़ रहा है। फिको ने कहा,”भारत और स्लोवाकिया कई साझा मुद्दों से जुड़े हुए हैं। मैं भारत को उसकी शानदार उपलब्धियों के लिए बधाई देता हूं।”
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को समर्थन
दौरे के दौरान सबसे अहम कूटनीतिक संदेश तब मिला जब रॉबर्ट फिको ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का खुलकर समर्थन किया। भारत को एक उभरती वैश्विक शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करना चाहता हूं कि स्लोवाकिया गणराज्य की सरकार संयुक्त राष्ट्र (UN) के सुधारों का पूरी तरह समर्थन करती है। हमारा विश्वास है कि भारत जैसे देश को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में ‘स्थायी सदस्य’ के रूप में शामिल किया जाना चाहिए।’
कूटनीतिक और आर्थिक रिश्तों को मिला नया बल
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा केवल प्रतीकात्मक मुलाकात तक सीमित नहीं रही, बल्कि इससे भारत और स्लोवाकिया के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को नई मजबूती मिली है। ‘व्यापक साझेदारी’ की घोषणा और UNSC में भारत के समर्थन ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संकेत दिया है।
Read More:

