PM Modi Message: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। 10 जून को उन्होंने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। PM मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और अब उनके कार्यकाल के 4399 दिन पूरे हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4398 दिनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री
PM नरेंद्र मोदी वर्तमान में प्रधानमंत्री के तौर पर अपना लगातार तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद उन्होंने देशवासियों को संबोधित करते हुए जनसेवा, सुशासन और विनम्रता को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया। प्रधानमंत्री का यह रिकॉर्ड उनके लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जीत हासिल कर सरकार बनाने के कारण संभव हुआ है।
सोशल मीडिया पर दिया संदेश
रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर रिएक्शन दिया। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने लिखा कि विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनता का विश्वास अर्जित कर सकता है। अपने संदेश के साथ उन्होंने संस्कृत का एक श्लोक भी शेयर किया, “सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः। विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥”
जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है।
सदानुरक्तप्रकृतिः प्रजापालनतत्परः।
विनीतात्मा हि नृपतिर्भूयसी श्रियमश्नुते॥ pic.twitter.com/mn0Ax0F8hs
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2026
कैसे टूटा जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड?
देश की आजादी के बाद 15 अगस्त 1947 को जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री नियुक्त किए गए थे। वे 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक कुल 1732 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहे। हालांकि यह अवधि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नहीं मानी जाती, क्योंकि उस समय तक देश में आम चुनाव नहीं हुए थे।
पहले आम चुनाव के बाद बना था रिकॉर्ड
साल 1952 में देश का पहला आम चुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस को जीत मिली। इसके बाद संसदीय दल ने जवाहरलाल नेहरू को अपना नेता चुना और वे 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे। इसी अवधि के आधार पर उनके नाम 4398 दिनों तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड दर्ज था।
PM मोदी ने बनाया नया कीर्तिमान
अब PM नरेंद्र मोदी ने 4399 दिन पूरे करते हुए पूर्व PM नेहरू का यह रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही वे भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। यह उपलब्धि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक अहम पड़ाव मानी जा रही है।
Read More:

