PM Modi Inaugurated Alluri Sitarama Raju International Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। ₹5,640 करोड़ की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट राज्य की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा। इसके साथ ही यह क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।
हर साल 60 लाख यात्रियों को मिलेगी सुविधा
अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां हर साल करीब 60 लाख यात्रियों को सुविधाएं मिल सकें। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह एयरपोर्ट भविष्य की बढ़ती हवाई यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
स्थानीय संस्कृति से प्रेरित है डिजाइन
एयरपोर्ट टर्मिनल का डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। इसमें ‘चुट्टिलु’ कॉटेज, अराकू वैली और ‘फ्लाइंग फिश’ से प्रेरित वास्तुशिल्प को शामिल किया गया है, जिससे यह केवल एक परिवहन केंद्र नहीं बल्कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक बन गया है।
₹17,900 करोड़ की परियोजनाओं की भी सौगात
एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ₹17,900 करोड़ से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनका उद्घाटन करेंगे और उन्हें देश को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देना है।
आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट
प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की भी आधारशिला रखने वाले हैं। इससे पहले देश के प्रमुख सेमीकंडक्टर प्लांट गुजरात के साणंद, धोलेरा, असम और उत्तर प्रदेश में स्थापित किए जा चुके हैं। इस नई यूनिट के शुरू होने से आंध्र प्रदेश भी भारत के सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र में शामिल हो जाएगा।
कर्नाटक को भी मिलेंगी कई सौगातें
आंध्र प्रदेश के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री कर्नाटक का दौरा भी करेंगे। इस दौरान वह मैसूरु के श्रीरामकृष्ण आश्रम में ‘विवेक स्मारक’ स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। ‘विवेक स्मारक’ नवंबर 1892 में स्वामी विवेकानंद की मैसूरु की ऐतिहासिक यात्रा की याद दिलाता है और युवाओं को उनके विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
Read More:

