PM Kisan Yojana 23rd Installment: आज यानी 20 जून का दिन देश के करोड़ों किसानों के लिए अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होगी ट्रांसफर
सरकारी जानकारी के अनुसार, 23वीं किस्त के तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी। यह रकम सीधे लाभार्थियों के खातों में जमा होगी।
पश्चिम बंगाल से करेंगे किस्त जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। किस्त जारी होते ही देशभर के पात्र किसानों के खातों में धनराशि पहुंचना शुरू हो जाएगी।
किसानों से करेंगे संवाद
राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किस्त जारी करने के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों के किसानों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत भी करेंगे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वह लाभार्थी किसानों को संबोधित करेंगे।
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
22 किस्तें पहले ही हो चुकी हैं जारी
पीएम-किसान योजना के तहत अब तक 22 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। अब किसानों को मिलने वाली 23वीं किस्त आज जारी होगी, जिससे करोड़ों किसान परिवारों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
Read More:

