Plane Crash in Baramati Maharashtra: महाराष्ट्र के बारामती में एक बार फिर विमान हादसे की घटना सामने आई है। इस बार रेड बर्ड कंपनी का टू-सीटर ट्रेनिंग विमान तकनीकी खराबी के बाद गोजूबाबी गांव के पास क्रैश लैंड हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान ट्रेनिंग उड़ान पर था। उड़ान के दौरान अचानक उसके इंजन में खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने स्थिति को संभालते हुए इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश की। तकनीकी समस्या बढ़ने पर विमान को बारामती के गोजूबाबी इलाके में हार्ड लैंडिंग करानी पड़ी।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, विमान तेजी से नीचे आता दिखाई दिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पायलट की समझदारी और समय रहते लिए गए फैसले के कारण बड़ा हादसा टल गया। शुरुआती रिपोर्ट में किसी तरह की जनहानि या गंभीर नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
मौके पर जुटी भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विमान की जांच कर रही है और इंजन फेल होने को शुरुआती वजह माना जा रहा है।
पहले भी हो चुका है विमान हादसा
बारामती में इससे पहले इसी साल जनवरी में भी विमान हादसा हुआ था। जिसमें अजित पवार की जान चली गई थी। उस घटना के बाद क्षेत्र में विमान सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। जानकारी के मुताबिक यह ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल किया गया टू सीटर विमान था, जो बारामती के गोजूबाबी गांव में जा गिरा।
Read More:
ईरान संकट के बीच चीन रवाना हुए ट्रंप, बोले- जंग में अमेरिका को जिनपिंग की मदद की कोई जरूरत नहीं

