HomeBreaking Newsवॉलेट इस्तेमाल नहीं किया तो लगेगा 100 रुपये तक का चार्ज, जानें...

वॉलेट इस्तेमाल नहीं किया तो लगेगा 100 रुपये तक का चार्ज, जानें क्या कहता है PhonePe का ये नया नियम…

डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच PhonePe ने अपने वॉलेट यूजर्स के लिए एक नया नियम लागू किया है। कंपनी ने लंबे समय से निष्क्रिय पड़े वॉलेट को लेकर मेंटेनेंस फीस का प्रावधान किया है। नए नियम के तहत, अगर कोई यूजर लंबे समय तक अपने PhonePe Wallet का इस्तेमाल नहीं करता है तो उसे अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है।

कंपनी के मुताबिक, यदि किसी वॉलेट से लगातार 365 दिनों तक कोई वित्तीय लेनदेन नहीं किया जाता है तो उसे निष्क्रिय (Inactive) श्रेणी में रखा जाएगा। ऐसे वॉलेट पर हर तीन महीने में 100 रुपये तक का मेंटेनेंस चार्ज लगाया जा सकता है। PhonePe का कहना है कि यह शुल्क वॉलेट सिस्टम के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी सुधार और प्लेटफॉर्म से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए लिया जाएगा।

फैसले के बाद यूजर्स ने जताई नाराजगी 

हालांकि, इस फैसले के बाद कुछ यूजर्स ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की है। कई लोगों का कहना है कि वे अब ज्यादातर भुगतान सीधे बैंक अकाउंट से UPI के जरिए करते हैं और वॉलेट का इस्तेमाल बहुत कम होता है। ऐसे में बिना इस्तेमाल किए जा रहे वॉलेट पर शुल्क लगाना उन्हें उचित नहीं लग रहा है।

किन हालातों में वॉलेट माना जाएगा निष्क्रिय? 

PhonePe ने स्पष्ट किया है कि केवल वॉलेट के जरिए किए गए ट्रांजैक्शन को ही एक्टिविटी माना जाएगा। सिर्फ ऐप खोलना, UPI से भुगतान करना, मोबाइल रिचार्ज, बिल पेमेंट, इंश्योरेंस या अन्य सेवाओं का इस्तेमाल करना वॉलेट को एक्टिव नहीं करेगा।

इसके अलावा केवल KYC अपडेट करने से भी वॉलेट सक्रिय नहीं माना जाएगा। वॉलेट को चालू रखने के लिए यूजर को समय-समय पर उसमें मौजूद बैलेंस से कोई भुगतान करना होगा।

कैसे वसूला जाएगा मेंटेनेंस चार्ज? 

कंपनी पहले यूजर को नोटिफिकेशन के जरिए जानकारी देगी और कुछ समय तक वॉलेट इस्तेमाल करने का मौका दिया जाएगा। अगर इस अवधि में यूजर वॉलेट से कोई ट्रांजैक्शन कर लेता है तो वॉलेट दोबारा सक्रिय हो जाएगा और शुल्क नहीं लिया जाएगा। लेकिन यदि कोई गतिविधि नहीं होती ह तो कंपनी वॉलेट में उपलब्ध राशि से 100 रुपये तक की तिमाही फीस काट सकती है। अगर वॉलेट में रकम 100 रुपये से कम है तो जितनी राशि मौजूद होगी उतनी ही काटी जाएगी।

कंपनी के अनुसार, वॉलेट बैलेंस कभी भी नेगेटिव नहीं होगा। डिजिटल वॉलेट क्षेत्र में निष्क्रिय खातों पर शुल्क लगाने का चलन नया नहीं है। इससे पहले कुछ अन्य पेमेंट प्लेटफॉर्म भी लंबे समय तक इस्तेमाल न किए गए वॉलेट के लिए इसी तरह के चार्ज मॉडल अपना चुके हैं। PhonePe के इस बदलाव के बाद यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे अपने वॉलेट की स्थिति और नियमों की जानकारी समय-समय पर जांचते रहें ताकि किसी अनचाहे शुल्क से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें : इंडिगो के विमान पर बिजली गिरने से मचा हड़कंप, 141 यात्री और 6 क्रू सदस्य सुरक्षित…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments