उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार 23 मार्च 2026 को अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस मौके को सरकार और भारतीय जनता पार्टी बड़े आयोजनों के जरिए जनता के सामने पेश करने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में राज्य में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी शुरुआत 7 मार्च को हरिद्वार में होने वाली एक विशाल रैली से होगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस मंच से राज्य को कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिल सकती है।
हरिद्वार रैली को लेकर भाजपा की तैयारी
हरिद्वार के बैरागी कैंप में होने वाली इस रैली को भाजपा बेहद अहम मान रही है। पार्टी ने इसमें एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। संगठन स्तर पर इसकी तैयारी कई दिनों से चल रही है और ब्लॉक से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और सांसदों को कार्यकर्ताओं और समर्थकों को रैली में लाने की जिम्मेदारी दी गई है। राजनीतिक तौर पर भी इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसे 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
22 मार्च को श्रीनगर में दूसरा बड़ा कार्यक्रम
धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर दूसरा बड़ा कार्यक्रम 22 मार्च को श्रीनगर (गढ़वाल) में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। यहां भी राज्य सरकार अपने चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी और सरकार की योजनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
चार साल में लिए गए कई अहम फैसले
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 23 मार्च 2022 को पद और गोपनीयता की शपथ लेने के बाद राज्य के विकास से जुड़े कई बड़े फैसले लिए। इनमें सबसे प्रमुख निर्णय समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का रहा, जिसकी चर्चा देशभर में हुई। इसके अलावा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसे प्रदेश के युवाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।