पंजाब में 105 नगर निकायों(Punjab Civic Body Elections) के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार अब अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं जिनकी पूरी जानकारी संबंधित जिलों की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध कराई जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मई तय की गई है।
क्या है चुनाव की तारीख ?
राज्य में 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के आम चुनाव 26 मई को कराए जाएंगे जबकि मतगणना 29 मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, उम्मीदवारों द्वारा जमा किए गए हलफनामों सहित सभी नामांकन विवरण जिला स्तर की वेबसाइटों पर सार्वजनिक किए जाएंगे साथ ही इनका लिंक आयोग की वेबसाइट sec.punjab.gov.in पर भी उपलब्ध रहेगा।
ऑनलाइन देख सकेंगे उम्मीदवारों से जुड़ी जानकारी
इसके अलावा मतदाता अपने क्षेत्र के उम्मीदवारों से जुड़ी जानकारी भी ऑनलाइन देख सकेंगे। चुनाव की घोषणा के बाद पंजाब में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न दलों ने तैयारी शुरू करते हुए अपने-अपने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा दी है।