HomeBreaking Newsनोएडा मेट्रो को ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मिलेगी रफ्तार, 5,620 करोड़ की...

नोएडा मेट्रो को ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मिलेगी रफ्तार, 5,620 करोड़ की दो परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी

केंद्र सरकार ने बुधवार को नोएडा मेट्रो के विस्तार और दिल्ली में नए संग्रहालय के निर्माण को मंजूरी दे दी। केंद्रीय कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन को सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक बढ़ाया जाएगा। वहीं, नई दिल्ली के ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर को युगे युगीन भारत संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर कुल 5,620 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इनमें मेट्रो विस्तार की लागत 2,390 करोड़ और संग्रहालय परियोजना की लागत 3,230 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

एक्वा लाइन पर बनेंगे 5 नए मेट्रो स्टेशन

नोएडा मेट्रो के विस्तार के तहत 8.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। इस रूट पर पांच नए स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना को चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। नोएडा सेक्टर-61 पर इंटरचेंज की सुविधा मिलने से यात्रियों के लिए दिल्ली और एनसीआर के दूसरे इलाकों तक पहुंचना आसान होगा। दोनों शहरों की आबादी में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। मास्टर प्लान के मुताबिक, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की संयुक्त आबादी 2011 में 7.39 लाख थी, जो 2021 में अनुमानित 24.7 लाख तक पहुंच गई। यानी एक दशक में आबादी तीन गुना से ज्यादा हो गई।

पर्थला और गौर चौक के जाम से मिलेगी राहत

मेट्रो विस्तार से पर्थला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति सर्किल जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में लोगों के मेट्रो से सफर करने पर निजी वाहनों की निर्भरता घट सकती है। इससे प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।नया कॉरिडोर IKEA, Adobe, HCL और Havells जैसी कंपनियों के अलावा प्रस्तावित डेटा सेंटर, आवासीय सेक्टरों और शैक्षणिक संस्थानों वाले क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी देगा। इस विस्तार से यात्रियों को मजेंटा लाइन के जरिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और ब्लू लाइन के जरिए नई दिल्ली, आनंद विहार तथा हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने में सुविधा होगी। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब से भी संपर्क स्थापित होगा। प्रस्तावित आरआरटीएस कॉरिडोर के जरिए जेवर एयरपोर्ट और हिंडन एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी की योजना भी है।

नॉर्थ-साउथ ब्लॉक में बनेगा भव्य संग्रहालय

कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने नई दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर में युगे युगीन भारत संग्रहालय विकसित करने की मंजूरी भी दी है। इस परियोजना पर 3,230 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत दोनों ऐतिहासिक सरकारी परिसरों को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय राजधानी में सांस्कृतिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से एक ओर एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ेगा, वहीं दूसरी ओर दिल्ली को एक नए सांस्कृतिक केंद्र की सौगात मिलेगी।

Read More

ChatGPT-Gemini को टक्कर देगा भारत का देसी AI! सरकार का बड़ा प्लान, रक्षा समेत इन सेक्टरों में बंद हो सकता है विदेशी AI का इस्तेमाल

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments