राजधानी दिल्ली में आयोजित होने जा रहे 2026 के 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का जबरदस्त असर दिल्ली-एनसीआर की होटल इंडस्ट्री पर देखने को मिल रहा है. विदेशी राजनयिकों, विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और वैश्विक प्रतिनिधिमंडलों के दिल्ली आगमन को लेकर पांच सितारा होटलों की मांग में वृद्धि हुई है. इसके चलते होटलों के कमरों का किराया हफ्ते भर के भीतर दोगुने से भी अधिक बढ़ चुका है. ट्रैवल प्लेटफॉर्म Ixigo के अनुसार 5-स्टार होटलों की ऑनलाइन सर्च में 50 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, वहीं Cleartrip डेटा के मुताबिक पिछले वर्ष के मुकाबले बुकिंग में 25 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है.
12-13 सितंबर को फुल हुए होटल
सम्मेलन के तहत 12 और 13 सितंबर की तारीखों के लिए लुटियंस दिल्ली और एरोसिटी के लगभग सभी प्रमुख लग्जरी होटल पूरी तरह से बुक हो चुके हैं. जिन स्थानों पर कमरे शेष हैं, वहां सामान्य कमरों का किराया 1 लाख रुपये से शुरू होकर 2.4 लाख रुपये प्रति रात तक पहुंच गया है. रिपोर्ट के अनुसार, होटल ताज जैसे प्रमुख स्थानों पर प्रेसिडेंशियल और सुपर लग्जरी सुइट्स का किराया सामान्य दिनों के 1.5 लाख रुपये से बढ़कर 14 लाख रुपये प्रति रात के ऑल-टाइम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है. सुरक्षा कारणों और वीवीआईपी प्रोटोकॉल के चलते विदेश मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही होटलों का बड़ा हिस्सा ब्लॉक कर लिया है.
आम पर्यटकों के लिए बुकिंग नामुमकिन
वीवीआईपी आवाजाही और सीमित उपलब्धता के कारण दिल्ली के टॉप होटलों में आम पर्यटकों के लिए कमरे मिलना लगभग असंभव हो गया है. इसके चलते अब गुरुग्राम और एनसीआर (NCR) के प्रीमियम होटलों में भी बुकिंग का दबाव तेजी से स्थानांतरित हो रहा है. विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी के लिए द ललित (The LaLiT) जैसे प्रमुख होटल पूरी तरह तैयार हैं. होटल के जनरल मैनेजर विशाल शर्मा ने बताया कि उनके यहां दक्षिण अफ्रीका, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और बुरुंडी जैसे देशों के डेलिगेशन ठहर रहे हैं, जिससे कमरों के टैरिफ में सामान्य से लगभग 30% अधिक की वृद्धि हुई है.
READ MORE: PM मोदी कल मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का करेंगे उद्घाटन

