सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर निधि तिवारी(Nidhi Tiwari case) की मौत का मामला अभी भी कई सवालों के बीच है। घटना के बाद निधि की मां हेमलता तिवारी ने बेटी की निजी जिंदगी और उसके रिश्तों को लेकर कई बातें बताई हैं। उनके इन दावों के बाद मामले में एक नई कड़ी जुड़ती नजर आ रही है। हेमलता के मुताबिक, निधि मोरवा के जीएस ग्रैंड होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी।
इसी दौरान एनसीएल से जुड़े आउटसोर्सिंग काम के सिलसिले में होटल आने वाले सोनू सिंह से उसकी पहचान हुई। मां के मुताबिक सोनू पंजाब का रहने वाला और पेशे से इंजीनियर था। बाद में परिवार को पता चला कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। परिवार ने निधि को उससे दूरी बनाने की सलाह दी थी लेकिन मां का कहना है कि दोनों के बीच संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
बेटी पर नजर रखने का आरोप
हेमलता ने सोनू पर निधि पर लगातार नजर रखने का आरोप भी लगाया है। उनका दावा है कि निधि अक्सर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए उससे बात करती थी और सोनू उसकी लोकेशन व आसपास मौजूद लोगों के बारे में पूछता था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी निधि
मां के मुताबिक निधि परिवार की बड़ी बेटी थी और घर की जिम्मेदारियों में सहयोग करती थी। वह बैढ़न में एक मकान भी बनवा रही थी और परिवार के भविष्य के लिए काम कर रही थी। हेमलता का कहना है कि निजी जिंदगी में चल रही परेशानियों के कारण निधि तनाव में भी रहती थी।
घटना के दिन क्या हुआ?
मां के मुताबिक घटना वाले दिन निधि ने नीचे पूजा की और फिर अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद सोनू का फोन आया। जब परिवार ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ा गया। परिवार के अनुसार, निधि कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली।