Miniature Radio Receiver: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी भी स्टेडियम में मैच का आनंद लेते नजर आए। हालांकि जब लोगों की नजरें उनपर गईं तो लोग लगातार उन्हें ही देखने लगे जिसकी वजह उनके कान में लगे एक छोटे से डिवाइस था। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें सामने आने के बाद लोग जानना चाहते थे कि आखिर यह डिवाइस क्या है और इसका इस्तेमाल किस लिए किया जाता है।
क्या है यह डिवाइस?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी के कान में दिखाई दिया डिवाइस दरअसल एक Miniature Radio Receiver यानी मिनी स्टेडियम रेडियो रिसीवर है। इसकी मदद से स्टेडियम में मौजूद लोग मैच की लाइव बॉल-बाय-बॉल कमेंट्री सीधे अपने ईयरपीस के जरिए सुन सकते हैं। इसके साथ ही एक्सपर्ट्स की राय, खिलाड़ियों से जुड़ी जानकारी और मैच के दौरान होने वाली अहम घटनाओं की जानकारी भी रियल टाइम में मिलती रहती है।
दर्शकों के लिए क्यों है उपयोगी?
स्टेडियम में बैठकर मैच देखने का अनुभव अलग होता है, लेकिन कई बार मैदान के दूसरे छोर पर होने वाली गतिविधियां या कुछ अहम घटनाएं साफ तरह से समझ नहीं आतीं। ऐसे में यह डिवाइस लोगों तक रियल टाइम में कमेंट्री पहुंचाता है, जिससे उन्हें मैदान पर चल रही हर गतिविधि को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलती है।
कैसे करता है काम?
यह छोटा रेडियो रिसीवर स्टेडियम के लिए निर्धारित लोकल रेडियो फ्रीक्वेंसी पर काम करता है। मैच शुरू होने से पहले दर्शक इसे स्टेडियम से खरीद सकते हैं या किराए पर भी ले सकते हैं। सही फ्रीक्वेंसी पर सेट करने के बाद कमेंट्री सीधे ईयरपीस के जरिए सुनाई देती है, जिससे दर्शकों को लाइव मैच के साथ-साथ हर पल की जानकारी मिलती रहती है।
इसकी सबसे बड़ी खासियत क्या है?
इस डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि लाइव मैच और कमेंट्री के बीच बहुत कम देरी होती है। यही वजह है कि दर्शकों को लगभग उसी समय जानकारी मिलती है, जब मैदान पर घटना घट रही होती है। हालांकि इसका सिग्नल केवल स्टेडियम और उसके आसपास के सीमित क्षेत्र में ही उपलब्ध रहता है। स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद यह डिवाइस काम नहीं करता।
सोशल मीडिया वायरल हुआ डिवाइस
धोनी के कान में यह डिवाइस देखने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। कुछ लोगों ने इसे कोई नई या खास टेक्नोलॉजी वाला गैजेट समझ लिया। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कोई नई या गुप्त तकनीक नहीं, बल्कि स्टेडियम में दर्शकों को लाइव कमेंट्री सुनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला मिनी रेडियो रिसीवर है, जो मैच के दौरान रियल टाइम अपडेट उपलब्ध कराता है।
Read More:

