इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास समुद्र में एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव दल समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हादसा उस समय हुआ जब फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर की ओर जा रही थी।
Passengers clamber to bow of BURNING ferry off Indonesia’s Madura Island
At least 5 dead, 41 still missing — rescue efforts ongoing pic.twitter.com/kRb7CrE079
— RTVisual (@RT_Visual_on_X) August 2, 2026
यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद लगी आग
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, फेरी में आग यात्रा शुरू होने के कुछ घंटों बाद लगी। रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे के समय जहाज पर बड़ी संख्या में यात्री और चालक दल के सदस्य मौजूद थे। आग लगने के बाद आसपास मौजूद कई जहाजों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। आंकड़ों के अनुसार, फेरी में कुल 271 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। इनमें से 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच लोगों की मौत हुई है। अन्य 41 लापता लोगों की तलाश के लिए समुद्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फेरी में आग कैसे लगी। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। मदुरा द्वीप जावा के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित है। इस समुद्री मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसियां नौसेना और अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
Read More

