आगरा के बल्केश्वर घाट पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। भीषण गर्मी के बीच यमुना नदी में नहाने उतरे छह युवक-युवतियों और एक किशोर में अफरा-तफरी मच गई, जब सभी अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही थाना पुलिस, गोताखोर और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पांच लोगों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। गंभीर हालत में तीन युवकों और युवतियों को तुरंत SN मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो युवक और एक युवती ने दम तोड़ दिया। वहीं नदी में लापता किशोर की तलाश करीब दो घंटे तक जारी रही। बाद में उसका शव भी यमुना से बरामद कर लिया गया।
घाट पर बिलखते रहे परिजन
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन बल्केश्वर घाट पहुंच गए। नदी किनारे रोते-बिलखते परिवारों का दर्द देखकर हर कोई भावुक हो उठा। जब दो घंटे बाद विक्की का शव बाहर निकाला गया तो मौके पर मौजूद परिजनों की चीखें सुनकर माहौल गमगीन हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसा किस वजह से हुआ इसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यमुना नदी में गहरे पानी वाले क्षेत्रों में न उतरें और सावधानी बरतें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
Read More

