पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान लगातार जारी है। पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर पूरे राज्य में चिन्हित ठिकानों पर टारगेटेड रेड्स कीं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सख्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, राज्यभर में कुल 516 जगहों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 213 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 11 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। इसके अलावा पुलिस ने दो हथियार भी बरामद किए हैं।
गैंगस्टर नेटवर्क तोड़ने पर फोकस
पंजाब पुलिस का कहना है कि यह अभियान राज्य में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क की कमर तोड़ने के लिए चलाया जा रहा है। पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों की पहचान कर रही है, जो संगठित अपराध, रंगदारी, अवैध हथियारों और ड्रग्स तस्करी जैसे मामलों में शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, रेड्स के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से गैंगस्टर गिरोहों के नेटवर्क और उनके फंडिंग सिस्टम से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
अब तक 28,551 गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस ने बताया कि इस विशेष अभियान की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 28,551 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि लगातार हो रही कार्रवाई से राज्य में संगठित अपराध पर काफी हद तक अंकुश लगा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से किया अपील
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को गैंगस्टर गतिविधियों या अपराध से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है, तो वह गुमनाम रूप से भी सूचना दे सकता है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल देना सरकार और पुलिस की प्राथमिकता है। इसी लक्ष्य के तहत गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Read More
तमिलनाडु में विजय सरकार ने किया फ्लोर टेस्ट पास, 144 विधायकों का मिला समर्थन

