पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्यभर में गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए व्यापक अभियान चलाया। चिन्हित ठिकानों पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 573 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस विशेष ऑपरेशन में 279 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि आठ घोषित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
लगातार बढ़ रही गिरफ्तारियों की संख्या
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों को खत्म करने के लिए यह अभियान लगातार जारी है। विभिन्न जिलों में पुलिस और AGTF की संयुक्त टीमें संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 29,979 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए आगे भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेंगी।
पंजाब पुलिस की लोगों से अपील
पंजाब पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। गैंगस्टर गतिविधियों या संदिग्ध लोगों की जानकारी देने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, राज्य को अपराध मुक्त बनाने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।
Read More

