दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट(Delhi-Patna flight) AI 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग के दौरान बर्ड स्ट्राइक का शिकार हो गई। विमान में 164 यात्री सवार थे। पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने से ठीक पहले पायलट ने विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी से टकराने की सूचना दी। यह घटना करीब सुबह 7:44 बजे हुई।
हालांकि, घबराहट के बीच विमान ने सुरक्षित लैंडिंग कर ली और सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना के बाद एयरपोर्ट पर एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
इमरजेंसी प्रोटोकॉल किया गया लागू
पायलट से बर्ड स्ट्राइक की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट अधिकारियों ने एहतियाती कदम उठाए। रनवे का निरीक्षण कराया गया और फायर एवं अन्य सुरक्षा टीमों को भी तैयार रखा गया, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
विमान के उतरने के बाद तकनीकी टीम ने इसकी जांच की। निरीक्षण में बर्ड स्ट्राइक की पुष्टि हुई, लेकिन राहत की बात रही कि इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जरूरी जांच पूरी होने के बाद विमान को आगे की प्रक्रिया के लिए अनुमति दी गई।
यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया
इस फ्लाइट से आरजेडी सांसद मनोज झा को भी दिल्ली लौटना था। घटना के बाद AI 1741 से दिल्ली वापसी नहीं कराई गई और मनोज झा समेत यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक AI 1852 करीब 79 मिनट की देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई।
इस घटना से कुछ देर के लिए यात्रियों में चिंता जरूर बढ़ी लेकिन विमान की सुरक्षित लैंडिंग और तकनीकी जांच में इंजन के ठीक पाए जाने से बड़ी राहत मिली। एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन भी प्रभावित नहीं हुआ।