Amrit Bharat Express: भारतीय रेलवे अमृत भारत एक्सप्रेस का नया और उन्नत अमृत भारत 3.0 वर्जन जल्द पटरी पर उतारने की तैयारी में है। अब तक स्लीपर और जनरल कोच के साथ चलने वाली इस किफायती ट्रेन में पहली बार AC कोच शामिल किए जाएंगे। इसका उद्देश्य आम और कम आय वाले यात्रियों को कम किराए में तेज, सुरक्षित और आरामदायक लंबी दूरी की यात्रा उपलब्ध कराना है।
14 AC कोच वाले रेक का ऑर्डर
लंबी दूरी की यात्रा करने वाले प्रवासियों और त्योहारों पर घर जाने वाले परिवारों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ट्रेन को अपग्रेड करने का फैसला किया है। अमृत भारत 3.0 सीरीज के तहत कुल 14 एसी कोच वाले आधुनिक रेक तैयार करने का ऑर्डर दिया गया है। इनमें यात्रियों को बजट और जरूरत के मुताबिक एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर और एसी 3-टियर कोच की सुविधा मिलेगी।
प्रीमियम ट्रेनों जैसा होगा इंटीरियर
नई अमृत भारत 3.0 के कोच का इंटीरियर प्रीमियम ट्रेनों की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इनमें खास एर्गोनॉमिक सीटें, ज्यादा लेगरूम और फोल्डिंग स्नैक्स टेबल मिलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए टाइप-ए और टाइप-सी फास्ट मोबाइल चार्जिंग सॉकेट्स भी लगाए जाएंगे। रात में आसानी से आवाजाही के लिए रेडियम स्ट्रिप्स की व्यवस्था होगी।
टॉयलेट में भी मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
यात्रियों की साफ-सफाई और हाइजीन को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एफआरपी मॉड्यूलर टॉयलेट लगाए जाएंगे। इनमें वैक्यूम इवेकुएशन, ऑटोमैटिक सोप डिस्पेंसर और प्रेशर फ्लशिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। इससे लंबी दूरी के सफर के दौरान यात्रियों को बेहतर स्वच्छता और सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पुश-पुल तकनीक से मिलेगी 130 kmph की रफ्तार
अमृत भारत 3.0 को तेज रफ्तार के लिए पुश-पुल तकनीक से लैस किया गया है। ट्रेन के आगे और पीछे दोनों तरफ शक्तिशाली WAP-5 इलेक्ट्रिक इंजन लगाए जाएंगे। आगे लगा इंजन ट्रेन को खींचेगा, जबकि पीछे वाला इंजन उसे धक्का देगा। इस तकनीक की मदद से ट्रेन 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी और सफर के दौरान झटकों को भी कम करने में मदद मिलेगी।
राजधानी और वंदे भारत जैसा सफर, लेकिन कम खर्च में
अमृत भारत एक्सप्रेस को शुरू करने के पीछे रेलवे का मकसद आम यात्रियों को किफायती किराए में बेहतर सुविधाओं वाला सफर देना है। AC कोच और आधुनिक सुविधाएं जुड़ने के बाद अमृत भारत 3.0 में यात्रियों को राजधानी और वंदे भारत जैसी प्रीमियम यात्रा का अनुभव कम खर्च में मिलने की उम्मीद है।
Read More:

