महाराष्ट्र के चर्चित टॉरेस ज्वेलरी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेश में छिपे एक प्रमुख आरोपी को भारत लाने में सफलता हासिल की है। विदेशी नागरिक ओलेक्सांद्र जापिचेंको उर्फ एलेक्स का रोमानिया से प्रत्यर्पण कराया गया है। ED की तीन सदस्यीय टीम उसे रोमानिया से UAE के रास्ते भारत लेकर पहुंची। 17 नवंबर 2026 को शाम 4:45 बजे आरोपी मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा। अब उसे इस मामले में भारतीय कानून के तहत कार्रवाई का सामना करना होगा।
177.12 करोड़ की रकम का आरोप
ED के मुताबिक, एलेक्स मेसर्स प्लैटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ चल रही जांच में प्रमुख आरोपियों में शामिल है। यह कंपनी Torres Jewellery ब्रांड के नाम से शोरूम चलाती थी। आरोप है कि कंपनी ने छोटे निवेशकों को असाधारण रिटर्न और नए लोगों को जोड़ने पर रेफरल बोनस देने का लालच देकर निवेश योजना चलाई। जांच एजेंसी का दावा है कि शोरूम में कम कीमत के गहने उनकी वास्तविक कीमत से काफी ज्यादा दाम पर बेचे जाते थे। इसके साथ निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का भरोसा भी दिया जाता था। इस तरीके से बड़ी संख्या में लोगों से रकम जुटाई गई। ED की जांच में यह भी आरोप सामने आया कि निवेशकों से मिली नकदी को हवाला ऑपरेटरों के जरिए दूसरी जगह भेजा गया। रकम को कंपनी के वैध कारोबार में लगाने के बजाय USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदले जाने की बात सामने आई है। एजेंसी ने अब तक अपराध से अर्जित रकम 177.12 करोड़ रुपये आंकी है। जांच के अनुसार, एलेक्स रकम जुटाने और उसे दूसरी जगह भेजने के निर्देश देने वाले प्रमुख लोगों में शामिल था।
एलेक्स के खिलाफ जारी हुआ था वारंट
ED ने इस मामले में 26 मार्च 2025 को अल्पेश प्रवीणचंद्र खारा को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह एलेक्स के निर्देशों पर काम कर रहा था। मनी लॉन्ड्रिंग की जांच PMLA, 2002 के तहत नवी मुंबई के वाशी स्थित APMC पुलिस स्टेशन और अन्य थानों में दर्ज FIR के आधार पर शुरू की गई थी। 22 मई 2025 को ED ने मुंबई की विशेष PMLA अदालत में अभियोजन शिकायत दाखिल की। अदालत ने 29 जुलाई 2025 को इसका संज्ञान लिया। उस समय एलेक्स भारत से फरार था। लिहाजा 3 नवंबर 2025 को अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।
रोमानिया में पकड़ा गया आरोपी
एलेक्स का पता लगाने के लिए ED ने इंटरपोल से संपर्क किया, जिसके बाद उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी हुआ। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से उसे 23 मई 2026 को रोमानिया में अस्थायी रूप से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद भारत प्रत्यर्पित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई। रोमानिया के अधिकारियों ने इस प्रक्रिया के दौरान ED से कई जानकारियां मांगी थीं, जिनका एजेंसी ने जवाब दिया। बुखारेस्ट की अदालत ने प्रत्यर्पण का आदेश दिया, जिसे बाद में बुखारेस्ट कोर्ट ऑफ अपील्स ने भी बरकरार रखा।
Read More
वंदे भारत में 12 यात्रियों की एक गलती पड़ी भारी! रेलवे ने लगाया ₹36,000 का जुर्माना, जानें पूरा मामला