पूर्वी बुल्गारिया में मंगलवार को घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजधानी सोफिया को पूर्वी शहर बर्गास से जोड़ने वाले A1 हाईवे पर करीब 50 वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 50 लोग घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने हादसे को बड़ी त्रासदी बताया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवे पर कारों और ट्रकों का ढेर लग गया। कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कुछ पलटकर सड़क पर ही पड़े रहे। कई गाड़ियां हाईवे से नीचे किनारे की ओर जा गिरीं।
छह लेन पर बिखरे वाहन, कई गाड़ियां पलटीं
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय मीडिया में सामने आई तस्वीरों में हाईवे की छह लेन पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन दिखाई दिए। कारों और भारी वाहनों के आपस में टकराने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए थे। कुछ वाहन एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए थे, जबकि कुछ सड़क से नीचे जा गिरे। राहत और बचाव दल ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया।
50 घायलों को अस्पताल पहुंचाया
बुल्गारिया के गृह मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में घायल करीब 50 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत और बचाव टीमें लगातार काम करती रहीं, ताकि घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता मिल सके। प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने बताया कि घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए विमान भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद दुर्घटनास्थल का दौरा करने की योजना बना रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया बड़ी त्रासदी
प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के बुल्गारिया दौरे के दौरान हादसे पर बयान दिया। उन्होंने इस दुर्घटना को देश के लिए एक बड़ी त्रासदी करार दिया। फिलहाल हादसे की विस्तृत वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय हाईवे के इस हिस्से में घना कोहरा छाया हुआ था। माना जा रहा है कि कम दृश्यता के बीच वाहनों की आपस में टक्कर हुई। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।