Ludhiana: पंजाब के लुधियाना में लव मैरिज के बाद पति पर पत्नी से महंगी चीजों की मांग करने और मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। जस्सियां ग्रीन एन्क्लेव की रहने वाली ट्विंकल ने अपने पति रितीश शर्मा पर पहले थार गाड़ी और बाद में नवरात्रि के दौरान बाइक मांगने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर के अंदर पीटा गया और फिर बाल पकड़कर गली में घसीटा गया।
शादी के तीन महीने बाद लिया लोन
पीड़िता ट्विंकल के मुताबिक, शादी के करीब तीन महीने बाद उसके पति ने उसके कार्ड से ₹50 हजार का लोन करवाया था। इसके बाद पति की ओर से थार गाड़ी की मांग की जाने लगी। ट्विंकल का आरोप है कि जब उसने यह मांग पूरी करने से इनकार किया, तो उसके साथ मारपीट की गई।
नवरात्रि में बाइक की मांग
ट्विंकल ने बताया कि नवरात्रि के दौरान पति ने उससे बाइक की मांग शुरू कर दी। वह बाइक नहीं दे सकी तो कथित तौर पर उसके साथ घर के अंदर मारपीट की गई। इसके बाद पति ने उसे बालों से पकड़कर सड़क पर घसीटा और लात-घूंसों से हमला किया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी उसके परिवार को दी।
CCTV में कैद हुई घटना
महिला के साथ सड़क पर हुई कथित मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में महिला के साथ सड़क पर मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसने इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
बहन को बचाने पहुंचे भाई से भी मारपीट
ट्विंकल के भाई गौरव के मुताबिक, पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें बहन के साथ मारपीट की जानकारी दी और मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल ले जाने को कहा। इसके बाद गौरव अपने पिता के साथ बहन के पति के घर पहुंचे। गौरव का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान उनके सिर में चोट लगी और कई टांके लगाने पड़े। उन्होंने भी पुलिस में शिकायत देने की बात कही है।
पुलिस ने कहा- बयान और मेडिकल रिपोर्ट मिली
मामले में जगतपुरी चौकी के इंचार्ज ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। महिला की मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को मिल गई है। चौकी इंचार्ज के अनुसार, मामले में जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल पीड़िता और उसके भाई ने मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
Read More:
झारखंड के 24 गांवों में फैला हाथियों का खौफ! छत्तीसगढ़ से पहुंचे 50 जंगली हाथी

