HomeBreaking Newsझारखंड के 24 गांवों में फैला हाथियों का खौफ! छत्तीसगढ़ से पहुंचे...

झारखंड के 24 गांवों में फैला हाथियों का खौफ! छत्तीसगढ़ से पहुंचे 50 जंगली हाथी

झारखंड(Jharkhand) के गढ़वा जिले में इन दिनों जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ की ओर से कई झुंड गढ़वा के जंगलों में पहुंच गए हैं। इनमें करीब 40 से 50 हाथियों का एक बड़ा झुंड भी शामिल बताया जा रहा है। हाथियों की आवाजाही के कारण जिले के 24 गांवों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथी आबादी वाले इलाकों में पहुंचकर घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

गढ़वा की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि इसकी सीमाएं छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार से लगती हैं। जिले के कई हिस्सों में घने जंगल होने के कारण यहां हाथियों की आवाजाही होती रहती है। हालांकि, मौजूदा समय में हाथियों के कई झुंड पहुंचने से आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ गई है।

छह प्रखंडों के ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

हाथियों की गतिविधियों से चिनिया, रंका, रमकंडा, भंडरिया, मेराल और बड़गढ़ प्रखंड के जंगलों के आसपास रहने वाले लोग प्रभावित हैं। ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी परेशानी यह है कि हाथियों का झुंड कब और किस दिशा में पहुंच जाएगा, इसका पहले से अंदाजा लगाना मुश्किल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे सुबह करीब 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही खेती-किसानी और दूसरे जरूरी काम निपटाने की कोशिश करते हैं। शाम ढलने के बाद घर से बाहर निकलने में डर लगता है। ग्रामीणों को रात में हाथियों के घरों के पास पहुंचने और नुकसान पहुंचाने की आशंका बनी रहती है।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने चार क्विक रिस्पॉन्स टीमों (क्यूआरटी) को अलर्ट पर रखा है। इसके अलावा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेषज्ञों की दो टीमें भी तैनात हैं।

ग्रामीण प्रदीप और चिंता देवी ने बताया कि हाथियों की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें हर समय अनहोनी का डर सताता है। लोगों की मांग है कि उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं ताकि वे बिना डर के अपनी रोजमर्रा की जिंदगी जी सकें। फिलहाल, हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखना और ग्रामीणों को सतर्क रखना वन विभाग के लिए अहम चुनौती बनी हुई है।

यह भी पढ़ें : करवा चौथ पर सास नहीं हैं तो किससे लें सरगी? जानें क्या है सही परंपरा और व्रत…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments