London Train Collision: ब्रिटेन की राजधानी लंदन के उत्तर में शुक्रवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। बेडफोर्डशायर के दक्षिणी इलाके में दो ट्रेनों के आमने-सामने टकराने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
सेंट पैनक्रास से जुड़ी लाइन पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना उन रेल लाइनों पर हुई, जो मध्य लंदन के सेंट पैनक्रास स्टेशन को मध्य इंग्लैंड के विभिन्न इलाकों से जोड़ती हैं। हादसे में शामिल दोनों ट्रेनें ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे की बताई जा रही हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने मौत और घायलों की पुष्टि की
यूके पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे स्थानीय समय पर हुआ। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘हमें पता चला है कि कई लोग घायल हुए हैं और दुख की बात है कि एक व्यक्ति की मौत हो गई है.’ हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक घायलों की सटीक संख्या या उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
Two trains collide north of London, killing at least one person
Emergency services rushed to the scene of a collision between two trains north of London on Friday afternoon that killed at least one person. A passenger reported that he was thrown forward by the impact then saw… pic.twitter.com/rMGKYDtIHM
— Press Trust of India (@PTI_News) June 20, 2026
अग्निशमन और बचाव दल ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही बेडफोर्डशायर अग्निशमन एवं बचाव दल, एम्बुलेंस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में कई यात्रियों के सिर पर पट्टियां बंधी दिखाई दे रही हैं।
50 घायलों के अस्पताल पहुंचने की आशंका
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दुर्घटना में 50 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका है। ‘द टाइम्स ऑफ़ लंदन’ की रिपोर्ट के अनुसार, बेडफोर्ड अस्पताल के कर्मचारियों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था कि वहां 50 तक घायल लोगों को लाया जा सकता है।
यात्रियों ने बताया खौफनाक मंजर
यात्रियों ने अपने भयानक अनुभवों के बारे में बताया। हादसे के बाद की उनकी बातें वाकई रोंगटे खड़े कर देने वाली हैं। टक्कर का शिकार हुई एक ट्रेन के अगले डिब्बे में मौजूद चश्मदीद पीटर नैप ने बीबीसी को बताया कि, किसी को भी आने वाली तबाही का जरा भी अंदाजा नहीं था। अचानक एक जोरदार झटका लगा और यात्री अपनी सामने वाली सीटों से जा टकराए। उन्होंने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद ही कोच में धुआं भरने लगा।
लोग रो और चिल्ला रहे थे, और किसी को समझ नहीं आ रहा था कि असल में क्या हुआ है। जब उन्होंने आस-पास देखा, तो कई लोग बोलने की हालत में नहीं थे, कुछ यात्रियों के पैर टूट गए थे और कई लोगों से खून बह रहा था। एक और यात्री, टेरेसा इटाबोर ने बताया कि एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद उनका सिर सामने वाली सीट से जा टकराया। जब उन्होंने आँखें खोलीं, तो देखा कि आस-पास कई घायल लोग पड़े थे और हर तरफ खून ही खून था।
हादसे के बाद का मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर एम्बुलेंस, फायर इंजन और पुलिस वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में दोनों क्षतिग्रस्त ट्रेनें पटरी पर खड़ी दिखाई दे रही हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और अधिकारियों की ओर से रिपोर्ट का इंतजार है।
Read More:

