Kulgam CRPF Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की टीम पर हुए आतंकी हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। अब तक इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का हाथ होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ नाम के एक संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली है।
संगठन ने एक नोटिस जारी कर हमले को अंजाम देने का दावा किया है। साथ ही उसने आने वाले दिनों में हिंदुत्व शासन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर विनाशकारी हमलों की नई लहर शुरू करने की धमकी भी दी है। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

संगठन ने जारी किया धमकी भरा नोटिस
कुलगाम हमले की जिम्मेदारी लेते हुए ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ ने एक नोटिस जारी किया है। इसमें संगठन ने दावा किया कि कुलगाम जिले में CRPF कर्मियों पर हमला उसके सदस्यों ने किया है। नोटिस में संगठन ने कथित तौर पर कहा कि मुजाहिदीन के अभियानों के कारण कब्जा करने वाले हिंदुत्व शासन और उसके तंत्र की ओर से थोपी गई “कृत्रिम शांति” का पर्दाफाश होगा।
संगठन ने अपने बयान में आने वाले दिनों में हिंदुत्व शासन और RSS को निशाना बनाकर विनाशकारी हमलों की नई लहर शुरू करने की चेतावनी दी है। उसने यह भी कहा कि कथित तौर पर उसका अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक उनका वर्चस्व समाप्त नहीं हो जाता। हालांकि, संगठन की ओर से किए गए इन दावों और धमकियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कश्मीर में पहली बार सामने आया संगठन का नाम
इस मामले में ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ का नाम सामने आना भी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि कश्मीर घाटी में किसी आतंकी गतिविधि के संदर्भ में पहली बार इस संगठन का जिक्र हुआ है।
संगठन के प्रवक्ता के तौर पर मोहम्मद उमर अज्जम का नाम बताया जा रहा है। इससे पहले इस हमले को लेकर लश्कर-ए-तैयबा की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियां अब हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
AK-47 से लैस दो आतंकियों ने किया था हमला
जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF कैंप को निशाना बनाकर दो आतंकियों ने हमला किया था। दोनों हमलावर AK-47 राइफल से लैस थे और उन्होंने कल दोपहर जवानों पर गोलीबारी की। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए।
इनमें से एक जवान की हालत गंभीर है। हमला करने के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार होकर जंगल की तरफ भाग गए। इसके बाद से ही सुरक्षाबल पूरे इलाके में उनकी तलाश कर रहे हैं।
BSF, पुलिस और SOG का सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के बाद आतंकियों को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। BSF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीमें इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। फरार आतंकियों की तलाश में जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं।
आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
जम्मू से किश्तवाड़ तक सुरक्षा कड़ी
कुलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। कटरा से जम्मू और कुलगाम से किश्तवाड़ तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
एजेंसियों को आशंका है कि लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी इस हमले में शामिल हो सकता है। फिलहाल सुरक्षाबल फरार आतंकियों की तलाश में जुटे हैं और मामले की जांच जारी है।
Read More:


[…] ‘हिंदुत्व शासन और RSS पर विनाशकारी हमल… […]
[…] ‘हिंदुत्व शासन और RSS पर विनाशकारी हमल… […]