HomeCurrent Newsकार्तिक पूर्णिमा पर क्यों नदी और घाटों पर ही होता है दीपदान?...

कार्तिक पूर्णिमा पर क्यों नदी और घाटों पर ही होता है दीपदान? त्रिपुरासुर के अंत से जुड़ा है ऐसा खौफनाक और चमत्कारी रहस्य

Kartik Purnima Deepdaan Significance: कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक है। इस दिन स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व माना जाता है। पूर्णिमा की शाम होते ही नदियों और घाटों पर दीपों की रोशनी दिखाई देने लगती है। कहीं श्रद्धालु नदी में दीप प्रवाहित करते हैं तो कहीं घाटों की सीढ़ियों और मंदिरों में दीपक जलाकर पूजा-अर्चना करते हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया। इस घटना के कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी कहा गया और कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है।

कौन था त्रिपुरासुर और कैसे मिला उसे वरदान?

शिव पुराण की रुद्र संहिता के युद्ध खंड में त्रिपुरासुर के विनाश की कथा का वर्णन मिलता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, तारकासुर के तीन पुत्र थे, जिनके नाम तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युनमाली थे। पिता की मृत्यु के बाद तीनों भाइयों ने ब्रह्मा जी को प्रसन्न करने के लिए कठोर तपस्या की।

उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी ने उन्हें दर्शन दिए और वरदान मांगने को कहा। तीनों भाइयों ने अमर होने की इच्छा जताई, लेकिन ब्रह्मा जी ने यह वरदान देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने ऐसी शर्त रखी, जिसके पूरा होने की संभावना बेहद कम थी।

सोने, चांदी और लोहे के तीन नगरों का मिला वरदान

तीनों भाइयों ने ब्रह्मा जी से तीन अलग-अलग नगरों का वरदान मांगा। ये नगर सोने, चांदी और लोहे से बने होने थे। उनकी शर्त थी कि तीनों नगर अलग-अलग स्थानों पर रहें और एक हजार साल में केवल एक बार एक सीध में आएं। उस समय जो योद्धा एक ही बाण से तीनों नगरों को नष्ट कर देगा, वही उनकी मृत्यु का कारण बनेगा।

ब्रह्मा जी ने उनकी मांग स्वीकार कर ली। इसके बाद मय दानव ने तीन भव्य नगरों का निर्माण किया। सोने का नगर तारकाक्ष, चांदी का नगर कमलाक्ष और लोहे का नगर विद्युनमाली को मिला। इन तीनों नगरों को मिलाकर त्रिपुर कहा गया।

वरदान के घमंड में देवताओं पर करने लगे अत्याचार

तीनों भाइयों को शक्तिशाली वरदान मिलने के बाद उनका घमंड बढ़ने लगा। वे अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करने लगे और देवताओं, ऋषि-मुनियों सहित तीनों लोकों के लोगों को परेशान करने लगे। उनके अत्याचार इतने बढ़ गए कि देवता भी उनका सामना करने में असमर्थ हो गए।

परेशान होकर सभी देवता ब्रह्मा जी के पास पहुंचे। ब्रह्मा जी ने उन्हें भगवान शिव की शरण में जाने की सलाह दी। इसके बाद देवताओं ने महादेव से त्रिपुरासुर के आतंक से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की। भगवान शिव ने उनकी विनती स्वीकार कर त्रिपुर का विनाश करने का निर्णय लिया।

भगवान शिव ने एक ही बाण से कैसे किया त्रिपुर का विनाश?

पौराणिक कथा के अनुसार, त्रिपुरासुर के अंत के लिए भगवान शिव ने एक दिव्य रथ तैयार किया। इस रथ की पृथ्वी को आधार बनाया गया, जबकि सूर्य और चंद्रमा इसके पहिए बने। चारों वेदों को घोड़ों का रूप दिया गया और ब्रह्मा जी ने सारथी की भूमिका निभाई। सुमेरु पर्वत को धनुष और भगवान विष्णु को बाण बनाया गया।

जब एक हजार साल बाद तीनों नगर एक सीध में आए, तब भगवान शिव ने धनुष उठाकर एक ही बाण चलाया। उस दिव्य बाण से तीनों नगर जलकर नष्ट हो गए। इस तरह त्रिपुरासुर का अंत हुआ और देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति मिली। इस विजय के बाद देवताओं ने भगवान शिव की स्तुति की और दीप जलाकर उत्सव मनाया।

कार्तिक पूर्णिमा पर नदी और घाटों पर ही क्यों होता है दीपदान?

कार्तिक महीने में पवित्र नदियों और जलाशयों में स्नान तथा दीपदान करने की परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस महीने गंगा सहित अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। पद्म पुराण के कार्तिक माहात्म्य में भी कार्तिक महीने के स्नान और तीर्थस्थलों के महत्व का उल्लेख मिलता है।

भारतीय परंपरा में नदियों को जीवनदायिनी और पवित्र माना गया है। वहीं, घाटों को स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों का प्रमुख स्थान माना जाता रहा है। जल के पास दीप जलाना अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और प्रकृति के प्रति सम्मान प्रकट करने का प्रतीक भी है।

काशी की देव दीपावली है दीपदान का सबसे खास उदाहरण

वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली इस परंपरा का भव्य उदाहरण है। मान्यता है कि इस दिन देवता भी धरती पर उतरकर दीप जलाते हैं। इसी विश्वास के साथ काशी के गंगा घाटों पर हजारों दीपक जलाए जाते हैं और पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठता है।

हालांकि, दीपदान केवल नदियों और घाटों तक सीमित नहीं है। श्रद्धालु अपने घरों और मंदिरों में भी दीपक जलाकर भगवान की पूजा करते हैं। इस तरह कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान धार्मिक आस्था, बुराई पर अच्छाई की जीत और जीवन में प्रकाश के आगमन का प्रतीक माना जाता है।

Read More:

असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments