मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की है। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच कंपनी के शेयर IPO के अपर प्राइस बैंड से 21.40 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुए। आईपीओ में 1,119 रुपये प्रति शेयर की कीमत तय की गई थी, जबकि बुधवार को NSE पर इसकी लिस्टिंग 1,358 रुपये पर हुई। इस तरह शेयर बाजार में एंट्री लेते ही निवेशकों को अच्छा लिस्टिंग गेन मिला। लिस्टिंग के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। इस सूची में पहले स्थान पर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड है।
हर शेयर पर 239 रुपये का फायदा
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 1,358 रुपये के भाव पर कारोबार शुरू किया। आईपीओ के अपर प्राइस बैंड 1,119 रुपये से तुलना करें, तो निवेशकों को प्रति शेयर 239 रुपये का फायदा हुआ। इस तरह लिस्टिंग पर शेयर में 21.40 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।IPO में एक लॉट में 12 शेयर रखे गए थे। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट के लिए निवेशकों को 13,428 रुपये लगाने पड़े थे। लिस्टिंग प्राइस के आधार पर इन शेयरों की कीमत बढ़कर 16,296 रुपये हो गई। यानी एक लॉट लेने वाले निवेशकों को लिस्टिंग के साथ 2,868 रुपये का फायदा हुआ।
अधिकतम 14 लॉट लगाने वालों को कितना मुनाफा?
आईपीओ में खुदरा निवेशक अधिकतम 14 लॉट के लिए आवेदन कर सकते थे। इसके लिए कुल 1,87,992 रुपये निवेश करने पड़ते। शेयर की 1,358 रुपये पर लिस्टिंग के हिसाब से 14 लॉट की कीमत बढ़कर 2,28,144 रुपये हो गई। यानी इस स्तर पर निवेश करने वाले निवेशकों को 40,152 रुपये का लिस्टिंग गेन मिला। हालांकि, यह गणना आईपीओ के इश्यू प्राइस और शुरुआती लिस्टिंग भाव के अंतर पर आधारित है।
30,218 करोड़ रुपये का IPO
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ का कुल आकार 30,218 करोड़ रुपये था। यह आईपीओ 21 से 23 अक्टूबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। कंपनी ने 27 करोड़ नए शेयर जारी किए और इश्यू का प्राइस बैंड 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर रखा गया था। IPO को निवेशकों से मजबूत प्रतिक्रिया मिली। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एंकर निवेशकों से करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये की बोलियां मिली थीं। तीन दिन की बोली प्रक्रिया के दौरान आईपीओ कुल मिलाकर लगभग 22 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की श्रेणी करीब 67 गुना सब्सक्राइब हुई, जबकि खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 2.76 गुना आवेदन मिले।
Read More
कबाड़ में पड़े कंटेनर पर पैर रखते ही हुआ जोरदार ब्लास्ट, मजदूर कई फीट दूर जा गिरा

