फ्रांस के कई प्रमुख शहरों में बढ़ती महंगाई और सरकारी नीतियों के खिलाफ शुरू हुआ जनआक्रोश अब हिंसक रूप ले चुका है। उपद्रवियों ने लग्जरी स्टोरों, टूरिस्ट दफ्तरों और ऐतिहासिक इमारतों को निशाना बनाकर भारी आगजनी की है। इस वैश्विक उथल-पुथल के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने फ्रांस के हालात पर गहरा दुख जताते हुए इसके लिए पश्चिमी उदारवादियों की इमिग्रेशन और विविधता डाइवर्सिटी नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने फ्रांस की सरकार से अपील की है कि वह अपने ऐतिहासिक स्थलों के खाक होने से पहले इस पागलपन को तुरंत रोके।
इमिग्रेशन और डाइवर्सिटी नीतियों को बताया तबाही का कारण
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने लिखा कि पश्चिमी लिबरल्स ने करुणा और विविधता के नाम पर फ्रांस सहित कई देशों में ‘तीसरी दुनिया’ से लोगों का आगमन तो कराया, लेकिन सांस्कृतिक समावेशन और अनुकूलता जैसे गंभीर सवालों की अनदेखी की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पहले ही इस तरह के नतीजों की आशंका जताई गई थी, लेकिन जिम्मेदार नेताओं ने इस पर ध्यान नहीं दिया। पेरिस और लियोन जैसे शहरों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का सहारा लेना पड़ रहा है।
महंगाई और असमानता से भड़का प्रदर्शनकारियों का गुस्सा
फ्रांस में भड़की इस अशांति के पीछे केवल इमिग्रेशन ही नहीं, बल्कि बढ़ती महंगाई, सामाजिक असमानता, शिक्षा तंत्र से असंतोष और सरकारी खर्चों में की जा रही कटौती प्रमुख कारण हैं। शनिवार से शुरू हुए इस देशव्यापी आंदोलन के तहत हजारों लोगों ने चमकीले रंग की जैकेट पहनकर सड़कों पर मार्च किया और कई यातायात मार्गों को अवरुद्ध कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फ्रांसीसी प्रशासन ने पेरिस समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती कर दी है।
अमेरिकी राजनीति को लेकर डेमोक्रेट्स पर साधा निशाना
फ्रांस में आग की लपटों में घिरे सिटी हॉल की फुटेज साझा करते हुए जेडी वेंस ने इस घटनाक्रम को अमेरिकी घरेलू राजनीति से भी जोड़ दिया। उन्होंने अमेरिकी जनता को सतर्क करते हुए कहा कि कांग्रेसनल डेमोक्रेट्स अमेरिका में भी ठीक ऐसा ही भविष्य लाना चाहते हैं। वेंस ने उम्मीद जताई कि अमेरिकी नागरिक फ्रांस की मौजूदा दुर्दशा से सबक लेंगे और देश में सही प्रशासनिक नीतियों का समर्थन करेंगे ताकि अमेरिका को ऐसे हिंसक सामाजिक संकट से बचाया जा सके।
READ MORE: राखी सावंत पर गिरफ्तारी की तलवार! 16 साल पुराने केस में गैर-जमानती वारंट जारी, आखिर क्या है मामला ?

