उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी लेने के लिए शुक्रवार को जापान से आए स्कूली बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम के बाद जापानी छात्र-छात्राएं सीएम योगी के साथ तस्वीर लेने के लिए कतार में खड़े हो गए। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों के साथ मुस्कुराते हुए तस्वीरें खिंचवाईं। बाद में उन्होंने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। दरअसल, मुख्यमंत्री आवास पर ‘ए डायलॉग विद द फ्यूचर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें जापान के यामानाशी प्रांत से 13 विद्यार्थी और फैकल्टी सदस्य शामिल हुए। जापानी छात्रों ने लखनऊ के स्कूली छात्रों से मुलाकात की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी भी मौजूद रहे।
जापानी भाषा में CM योगी ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए जापानी भाषा में ‘ओहायो गोजाइमासु’ कहा। उन्होंने भारत और जापान के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल छात्रों का मिलन नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों, परंपराओं और युवा पीढ़ियों का मिलन है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के गांव से आने वाले बच्चे और जापान के गांव से आने वाले बच्चे भले ही अलग भाषाएं बोलते हों और उनकी संस्कृति अलग हो, लेकिन दोनों अपने भविष्य की कहानी लिख रहे हैं।
जापान से अनुशासन सीखें भारतीय छात्र
CM योगी ने भारतीय विद्यार्थियों से जापान की समय की पाबंदी, अनुशासन, टीमवर्क, स्वच्छता और पारस्परिक सम्मान जैसी खूबियों से सीखने की अपील की। उन्होंने ‘इकीगाई’ का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति और विविधता और जापान के अनुशासन और नवाचार की ताकत साथ आए तो नई संभावनाएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने जापानी छात्रों से भारत को केवल बाजार के रूप में नहीं, बल्कि एक सभ्यतागत मित्र के तौर पर देखने की अपील की।
जापानी बच्चों ने सुनाया गीत
कार्यक्रम के दौरान जापानी छात्रों ने अपनी भाषा में गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद भारतीय छात्र ईशान ने भगवान श्रीराम को समर्पित ‘कौशल्या दशरथ के नंदन’ गीत सुनाया। लखनऊ की छात्रा अक्षरा पांडेय ने जापानी छात्रों का स्वागत करते हुए डोरेमोन का जिक्र किया और जापानी भाषा में ‘अरिगातो’ कहा। जापानी छात्रों ने भारत यात्रा के अनुभव भी साझा किए। छात्रों ने ताजमहल की यात्रा को यादगार बताया। एक छात्र ने कहा कि वह भारत और जापान के बीच दोस्ती का सेतु बनना चाहता है।
Read More
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने देश में H1N1 से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की