Jammu Kashmir Doda Cloudburst: देशभर में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। इसी बीच जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के थाथरी इलाके में बादल फटने की घटना से भारी तबाही मच गई है। अचानक आई बाढ़ की वजह से वहां के मुख्य बाजार और जामिया मस्जिद प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई घर और वाहन पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। वहीं सड़क को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे ट्रैफिक पर असर पड़ा है।
हाईवे पूरी तरह ठप
बादल फटने के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि बटोटे-डोडा-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे (NH-244) को फिलहाल के लिए बंद करना पड़ा है। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऊपरी इलाकों में हुई तेज बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई, जिससे भारी मात्रा में कीचड़, पत्थर और मलबा थाथरी शहर और आसपास के इलाकों में फैल गया। इस आपदा में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि बाढ़ का पानी कई घरों में भी घुस गया, जिससे संपत्ति को नुकसान हुआ है।
रेस्क्यू और बहाली का काम जारी
घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों ने राहत, बचाव और बहाली का काम शुरू कर दिया है। हाईवे से मलबा हटाने और सामान्य ट्रैफिक खोलने के लिए अर्थ-मूविंग मशीनों को लगाया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जब तक सड़क को पूरी तरह सुरक्षित नहीं बताया जाता, तब तक इस रास्ते पर गैर-जरूरी यात्रा करने से बचें। फिलहाल प्रशासन नुकसान का पता लगा रहा है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
J&K के डोडा के थात्री इलाके में बादल फट गया है.
बादल फटने की वजह से मेन मार्केट और जामिया मस्जिद प्रभावित हुए हैं.
गनीमत ये रही कि इस अनहोनी में किसी की जान नहीं गई है लेकिन ट्रैफिक के लिए सड़क खराब हो गई है.
इसकी चपेट में आने से कई गाड़ियां घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. pic.twitter.com/jnflQ7hTXf
— Abhinaw Tripathi (@AbhinawKTri) July 7, 2026
नासिक में हाई अलर्ट
उधर, IMD ने महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी और जिले के पश्चिमी हिस्सों में बादल फटने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद नासिक प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। फिलहाल स्कूल, कॉलेज, बाजार और त्र्यंबकेश्वर और सप्तश्रृंगी मंदिरों सहित बड़े मंदिरों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ओडिशा और अरुणाचल में भी मौसम का असर
IMD ने मंगलवार तक पूरे ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिला। पूर्वी जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है, जबकि राजधानी क्षेत्र ईटानगर में उमस और गर्मी का असर बना हुआ है।
Read More:
सुल्तानपुर दौरे पर आज CM योगी, अलग-अलग कार्यक्रमों में होंगे शामिल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

